दौसा जिले के लालसोट थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुरा (आगला रामा की ढाणी) में रविवार देर रात खाटेदारी भूमि पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास के दौरान तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। समझाइश के लिए पहुंची पुलिस टीम पर उग्र भीड़ ने अचानक पथराव कर दिया। इस घटना में कांस्टेबल लहरीलाल और सतीश सिंह घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन का शीशा टूट गया।
हालात बिगड़ने पर पुलिस को आत्मरक्षा में एक राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। मौके पर दोनों पक्ष आमने-सामने थे। पुलिस ने समझाइश कर एक पक्ष को वहां से हटाया, लेकिन दूसरे पक्ष ने प्रतिमा स्थापना रोकने से नाराज होकर पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाथूलाल, हनुमान, रामस्वरूप, कमलेश कुमार और रवि कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं खेमराज, मुकेश, कमलेश, बृजेश, दिलखुश, इन्द्र, रमेश, मुनेश और दिलखुश मौके से फरार हो गए। इलाके में पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.