नई दिल्ली/राजस्थान। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने राजस्थान के विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार चयन प्रक्रिया जारी है और प्रदेश में संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर भी चर्चा हो रही है।
सीएम भजनलाल ने अपने X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट में विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री का युवा, महिला, किसान और अंत्योदय वर्ग के प्रति समर्पण तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का विजन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का राजस्थान के प्रति विशेष स्नेह, आत्मीय जुड़ाव और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता हमेशा प्रेरित करती है।
मुलाकात से ठीक पहले भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने करीब ढाई वर्ष बाद राजस्थान में संगठन महामंत्री की नियुक्ति की, जिससे राजनीतिक चर्चाओं को और बल मिला। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने इसके लिए परिपत्र जारी किए। यह पद पूर्णकालिक कार्यकर्ता के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है और राजस्थान में प्रकाशचंद्र के बाद लंबे समय तक यह पद खाली रहा। मुख्यमंत्री ने इस नियुक्ति में भागीदारी करते हुए संगठनात्मक मुद्दों पर विचार विमर्श किया।
राजस्थान में मुख्यमंत्री की तीन माह में यह प्रधानमंत्री से तीसरी मुलाकात है। इससे पहले 25 मार्च को संसद भवन में और 28 फरवरी को पीएम मोदी के अजमेर दौरे के दौरान भी भजनलाल शर्मा की पीएम से मुलाकात हुई थी। इस बार प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के हाथ में दस्तावेज दिखाई देने के बाद राजनीतिक हलकों में कई कयास भी लगाए गए।
इस मुलाकात और संगठन महामंत्री नियुक्ति के निर्णय के बाद राजस्थान में भाजपा के राजनीतिक गतिविधियों और संभावित चुनावी रणनीति पर व्यापक चर्चा हो रही है। मुलाकात का मुख्य उद्देश्य राज्य के आधारभूत ढांचे, निवेश, जल प्रबंधन, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण से जुड़े क्षेत्रों में मार्गदर्शन लेना बताया गया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.