सम, जैसलमेर में सोमवार रात अचानक आए भीषण रेतीले तूफान ने स्थानीय हैरिटेज रिजॉर्ट में भारी तबाही मचाई। इस दौरान रिजॉर्ट में देश-विदेश से आए पर्यटकों के मनोरंजन के लिए राजस्थान की पारंपरिक सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जा रही थी। अचानक तेज आंधी के कारण रिजॉर्ट की एक मुख्य दीवार भरभराकर ढह गई। दीवार के मलबे के नीचे स्थानीय 27 वर्षीय लोक कलाकार रमज़ान खान दब गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। इसके साथ ही मंच साझा कर रही एक महिला डांसर और दो अन्य सहयोगी कलाकार गंभीर रूप से घायल हुए।
हादसे के बाद रिजॉर्ट और आसपास के पर्यटन क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, कार्यक्रम तुरंत रोकना पड़ा और स्थानीय लोगों ने मिलकर मलबे को हटाकर कलाकारों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल कलाकारों को प्राथमिक उपचार के बाद जैसलमेर जिला मुख्यालय अस्पताल के लिए रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही सम थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस मृतक रमज़ान खान के शव को कब्जे में लेकर अस्पताल मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचित किया।
जांच में यह देखा जा रहा है कि क्या रिजॉर्ट की दीवार के निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही या घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल हुआ, जिससे यह तेज आंधी के दबाव को झेल न सकी। सम और डांगरी जैसे पर्यटन क्षेत्रों में सैकड़ों टेंट और हैरिटेज रिजॉर्ट्स मौजूद हैं, जो हर साल लाखों देशी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। इन रिजॉर्ट्स की सबसे बड़ी पहचान स्थानीय कलाकारों द्वारा दी जाने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हैं।
स्थानीय कलाकारों और संगठनों का कहना है कि कई रिजॉर्ट्स में पर्यटकों को आकर्षक दिखाने के लिए पुख्ता निर्माण का ध्यान नहीं रखा जाता। यह हादसा इस बात पर गंभीर सवाल खड़ा करता है कि पर्यटन स्थलों में संरचनात्मक सुरक्षा और निर्माण मानकों का पालन पर्याप्त रूप से हो रहा है या नहीं। रमज़ान खान की मौत ने पूरे राजस्थान के कलाकार समुदाय को शोक में डाला है और अब मांग उठ रही है कि पर्यटन सीजन और सामान्य दिनों में भी इन रिजॉर्ट्स की सुरक्षा ऑडिट अनिवार्य की जानी चाहिए ताकि भविष्य में किसी अन्य कलाकार की जान जोखिम में न पड़े।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.