जयपुर के भुधरपुरा में भू-माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि न्यायालय में विवाद लंबित होने और जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) द्वारा पूर्व में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई किए जाने के बावजूद अवैध निर्माण का कार्य लगातार जारी है। मामला कालवाड़ रोड स्थित भुधरपुरा के खानंडा की ढाणी क्षेत्र का है, जहां JDA के ग्रीन जोन में खुलेआम अवैध कॉलोनी विकसित किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार खसरा नंबर 128/52, 129/52, 70, 64, 65 एवं 66 की भूमि को लेकर विवाद राजस्व अपील अधिकारी न्यायालय में विचाराधीन है। इतना ही नहीं, संबंधित भूमि का तकसीमा (सीमांकन) भी अभी तक नहीं हुआ है। इसके बावजूद भू-माफिया कथित रूप से प्लॉटिंग कर अवैध कॉलोनी विकसित करने में जुटे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार इससे पहले भी जयपुर विकास प्राधिकरण की टीम ने इसी क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निर्माण ध्वस्त किया था। वहीं कालवाड़ तहसील में राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम की धारा 177 के तहत कार्रवाई के आदेश भी जारी किए जा चुके हैं। बावजूद इसके निर्माण कार्य रुकने का नाम नहीं ले रहा है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत के कारण आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है। नियमों के अनुसार संबंधित भूमि JDA के ग्रीन जोन में आती है, जहां किसी भी प्रकार का आवासीय या व्यावसायिक निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद क्षेत्र में सड़क निर्माण, बाउंड्रीवॉल और प्लॉटिंग का कार्य दिन-रात जारी है।
पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से अवैध निर्माण को तत्काल प्रभाव से रुकवाने तथा उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि भू-माफियाओं द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही हैं। कोर्ट में मामला लंबित होने और JDA की पूर्व कार्रवाई के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.