डूंगरपुर। जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के कनबा गांव में एक युवक को सुनहरे भविष्य का सपना दिखाकर विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ठग ने युवक को वर्क वीजा के बजाय टूरिस्ट वीजा पर हांगकांग भेजा, जहां वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद स्थानीय पुलिस ने उसे अवैध घुसपैठ के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित पिता गौतमलाल ने मंगलवार को डूंगरपुर जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर न्याय और कार्रवाई की गुहार लगाते हुए परिवाद सौंपा है। गौतम ने बताया कि उसका बेटा दिलीप लकड़ी के कारखाने में मजदूरी करता है और अक्सर ओमप्रकाश कलाल की दुकान पर आता-जाता था। 5 अप्रैल को ओमप्रकाश ने दिलीप को नीदरलैंड भेजने और वहां अच्छी नौकरी लगवाने का झांसा दिया और 75 हजार रुपए मांगे, जिसे गौतम ने ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिया।
8 महीने बीत जाने के बाद भी बेटा विदेश नहीं भेजा गया। फिर आरोपी ने दावा किया कि हांगकांग भेजने के लिए 7.5 लाख रुपए और चाहिए होंगे। गरीब पिता ने गांव वालों से भारी ब्याज पर 7.5 लाख रुपए उधार लेकर ओमप्रकाश को सौंप दिए।
दिलीप को हांगकांग की फ्लाइट में भेजा गया, लेकिन उसे धोखे से वर्क परमिट के बजाय केवल कुछ दिनों के टूरिस्ट वीजा पर रखा गया। वीजा समाप्त होने के बाद हांगकांग पुलिस ने दिलीप को अवैध रूप से देश में रहने और घुसपैठ के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
बेटे की गिरफ्तारी की खबर पाते ही पिता गौतमलाल ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन ठग फरार हो गया। पिता अब कर्ज और बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंता में हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.