प्रतापगढ़ जिले के अरनोद थाना क्षेत्र के नागदेड़ा गांव में देर रात एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। राजस्थान पुलिस में कार्यरत एक कॉन्स्टेबल ने अपने छोटे भाई पर चाकू से हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। युवक के गर्दन में घाव होने कारण हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मुकेश मीणा अपने दोस्त मनीष मीणा के साथ गांव के बाहर एक पुलिया पर बैठा हुआ था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई कैलाश मीणा, जो हथुनिया थाने में कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत है, वहां पहुंचा और हमला कर दिया। दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने मौके पर पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विवाद बढ़ने पर अपने छोटे भाई पर चाकू से हमला किया। इस हमले में मुकेश की गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद वह जमीन पर अचेत होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया और गांव में अफरा-तफरी मच गई।
अरनोद थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भेजा, घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रारंभिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच-पड़ताल जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.