दौसा में 40 मिनट का मौसम कहर: ओलों की सफेद चादर, हाईवे पर फंसे विधायक; पेड़-खंभे गिरे

दौसा में 40 मिनट के तूफानी अंधड़ ने मचाई तबाही, कई गांवों की बिजली गुल

राजस्थान: के दौसा जिले में रविवार रात मौसम ने अचानक ऐसा करवट ली कि लोगों की सांसें थम गईं। जिले के सिकराय, महवा और बांदीकुई सहित कई इलाकों में तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि ने जमकर कहर बरपाया। करीब 40 मिनट तक चले इस तूफानी मौसम ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे धराशायी हो गए, जबकि हाईवे पर यातायात घंटों तक बाधित रहा।

रात करीब 9 बजे शुरू हुए तेज अंधड़ ने कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके को धूल और अंधेरे में बदल दिया। तेज हवाओं के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। कई गांवों में बिजली सप्लाई ठप हो गई, जिससे लोगों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी।

मेहंदीपुर बालाजी और मानपुर में गिरे ओले

दौसा जिले के मेहंदीपुर बालाजी और मानपुर क्षेत्र में बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। करीब 10 मिनट तक लगातार ओले गिरने से सड़कों और खेतों में सफेद चादर जैसी स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय बाद इतनी तेज ओलावृष्टि देखने को मिली है।

ओलों के कारण किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। कई किसानों ने प्रशासन से सर्वे करवाकर नुकसान का आंकलन करने की मांग की है।

अंधड़ में हाईवे पर फंसे महवा विधायक

तेज अंधड़ और बारिश का असर जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर भी देखने को मिला। महवा विधायक राजेन्द्र मीणा भी इस खराब मौसम के दौरान मानपुर के पास हाईवे पर फंस गए। तेज धूलभरी हवाओं और बारिश के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई थी।

स्थिति इतनी खराब हो गई कि विधायक को करीब 20 मिनट तक अपनी कार सड़क किनारे रोकनी पड़ी। मौसम सामान्य होने के बाद ही वे जयपुर के लिए रवाना हो सके। इस दौरान हाईवे पर कई वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से बढ़ी मुश्किलें

तूफानी हवाओं के चलते जिले के कई इलाकों में बड़े-बड़े पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। धूलकोट गांव के पास जयपुर-आगरा हाईवे पर पेड़ गिरने से लंबा जाम लग गया। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ों को हटाकर यातायात को सुचारु किया गया।

बिजली के खंभे गिरने के कारण दर्जनों गांवों की बिजली सप्लाई पूरी रात बाधित रही। कई इलाकों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं भी प्रभावित हुईं। ग्रामीणों ने बताया कि अचानक आए इस अंधड़ ने लोगों को भयभीत कर दिया।

टीनशेड उड़ने और दीवार गिरने की घटनाएं

अंधड़ की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई जगह मकानों के टीनशेड उड़ गए। कुछ कच्चे मकानों और दीवारों को भी नुकसान पहुंचा। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने पूरी रात दहशत के बीच गुजारी। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी बड़े जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।

लगातार बदल रहा मौसम

दौसा जिले में पिछले कई दिनों से मौसम लगातार बदल रहा है। रुक-रुक कर हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम सुहावना जरूर हुआ है, लेकिन किसानों और आम लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार जिले में आगामी दिनों में भी बारिश और अंधड़ का सिलसिला जारी रह सकता है। सोमवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

7 मई तक मौसम विभाग का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने दौसा समेत राजस्थान के कई जिलों के लिए 7 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने मेघगर्जन, तेज अंधड़ और बारिश की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है और आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Written By

Chanchal Rathore

Desk Reporter

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
जयपुर में ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में सट्टेबाजी का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार; करोड़ों के लेनदेन का पता चला | राजस्थान में बढ़ने लगी सर्दी, सीकर-फतेहपुर में 12.5 डिग्री पहुंचा पारा; जयपुर में भी रातें ठंडी | राजस्थान में दिवाली पर सिर्फ 3 घंटे चला सकेंगे पटाखे, 7 और 8 नवंबर को मिलेगी छूट; सरकार ने जारी की गाइडलाइन | पहले वनडे में न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत, 115 रन पर 6 विकेट गिरे; भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन | श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर जोरदार ब्लास्ट, ट्रेन उड़ाने की आशंका; 4 ट्रेनें रद्द | सीकर में चोरी और लापता होने की घटनाओं से मचा हड़कंप: 16 साल की नाबालिग लापता, घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी; 13 बकरियां और गाय भी ले गए चोर | राजस्थान के सभी स्कूलों में लगेंगे 'शुगर बोर्ड': बच्चों को चम्मच से समझाई जाएगी कोल्ड ड्रिंक, चॉकलेट और बिस्किट में चीनी की मात्रा | राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज: दिन के तापमान में गिरावट, रात में कम हुई सर्दी; माउंट आबू सबसे ठंडा | अमेरिका के फ्लोरिडा में बड़ा विमान हादसा: रिहायशी इलाके के पास धमाके के साथ क्रैश हुआ बिजनेस जेट, 9 लोगों की मौत | जयपुर में 3 से 9 नवंबर तक स्लीपर बसों की एंट्री बंद, दिवाली पर ट्रैफिक पुलिस ने बदली व्यवस्था |