राजस्थान: की राजधानी जयपुर से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। मानसरोवर इलाके में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार महिला को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह गाड़ी के नीचे फंसकर करीब 20–25 फीट तक घसीटती चली गई। इस पूरी घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए।
हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 11:36 बजे मानसरोवर के विजय पथ स्थित एसबीआई बैंक के सामने हुआ।
जानकारी के अनुसार, विजयपथ मानसरोवर निवासी नेहा श्रीवास्तव (35) स्कूटी से बाजार जा रही थीं। घर से निकलने के बाद जब वह एसबीआई के सामने कट पर टर्न ले रही थीं, तभी सामने से तेज रफ्तार ब्लैक थार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयानक थी कि महिला स्कूटी समेत थार के नीचे फंस गई और वाहन उसे करीब 20–25 फीट तक घसीटता हुआ ले गया।
घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार थार अचानक स्कूटी को टक्कर मारती है और महिला वाहन के नीचे फंस जाती है। कुछ सेकंड तक गाड़ी महिला को घसीटती रहती है।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग तुरंत दौड़कर पहुंचे और महिला को बचाने की कोशिश करने लगे।
घायल महिला के देवर अर्पित सक्सेना ने बताया कि हादसे के वक्त वह अपनी पत्नी के साथ नेहा के पीछे ही कार में चल रहे थे।
उन्होंने कहा,
“हादसे के बाद हम तुरंत मौके पर पहुंचे। मैंने थार के शीशे पर हाथ मारा, तब ड्राइवर बाहर निकला। उस समय भाभी गाड़ी के आगे वाले हिस्से में फंसी हुई थीं।”
अर्पित के मुताबिक ड्राइवर ने पहले नीचे झुककर देखा, लेकिन मदद करने की बजाय वापस गाड़ी में बैठ गया और अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
बताया जा रहा है कि महिला थार के अगले टायर के नीचे फंस गई थी। लोगों ने वाहन को पीछे करवाकर किसी तरह महिला को बाहर निकाला।
इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल महिला को तुरंत साकेत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
डॉक्टरों के अनुसार महिला के शरीर में कई गंभीर चोटें आई हैं और फिलहाल उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
शिप्रापथ थाना प्रभारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि जिस थार वाहन से हादसा हुआ, उसके पहले भी ओवरस्पीडिंग के चालान कट चुके हैं।
पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय थार काफी तेज रफ्तार में थी।
इस हादसे के बाद जयपुर में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर फिर बहस शुरू हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विजय पथ इलाके में अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं होती।
लोगों ने मांग की है कि ऐसे लापरवाह ड्राइवरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें।
घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो देखकर लोग आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई लोगों ने इसे “लापरवाही नहीं बल्कि अपराध” बताया है।
जयपुर के मानसरोवर में हुआ यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग का खतरनाक उदाहरण बन गया है। महिला जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है, जबकि आरोपी ड्राइवर फरार है। अब सवाल यह है कि बार-बार ओवरस्पीडिंग चालान के बावजूद ऐसे वाहन सड़क पर कैसे दौड़ रहे हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.