पश्चिम बंगाल: में विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद राजनीतिक हिंसा ने एक बार फिर राज्य को झकझोर दिया है। कोलकाता से लेकर उत्तर 24 परगना, बीरभूम और हावड़ा तक कई इलाकों में हिंसक घटनाएं सामने आई हैं। मंगलवार रात कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में भीड़ ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पार्टी कार्यालय पर बुलडोजर चला दिया। इस दौरान आसपास की दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
TMC ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। पार्टी ने लिखा कि भाजपा का ‘परिवर्तन’ अब बुलडोजर की राजनीति के रूप में सामने आ रहा है।
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान भाजपा और TMC के कुल चार कार्यकर्ताओं की हत्या होने से हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि उत्तर 24 परगना और हावड़ा में उसके दो कार्यकर्ताओं की हत्या TMC समर्थकों ने की।
वहीं TMC का दावा है कि भाजपा समर्थकों ने कोलकाता और बीरभूम में उसके दो पार्टी सदस्यों की हत्या कर दी। दोनों दलों ने एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है।
कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में मंगलवार देर रात बड़ी संख्या में लोग भाजपा के झंडे लेकर पहुंचे। आरोप है कि भीड़ ने पहले दुकानों में तोड़फोड़ की और फिर TMC कार्यालय पर बुलडोजर चलवा दिया।
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन तब तक पार्टी कार्यालय को काफी नुकसान पहुंच चुका था।

उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली स्थित बामनघेरी इलाके में हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए। यहां गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की टीम पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया।
हमले के दौरान फायरिंग भी की गई, जिसमें पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। घायलों में नाजाट थाने के ऑफिसर इन-चार्ज, एक महिला पुलिसकर्मी, एक कांस्टेबल और केंद्रीय बलों के दो जवान शामिल हैं।
जांच के दौरान घटनास्थल से बम से भरा बैग भी बरामद हुआ है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
आसनसोल के कोर्ट मोड़ इलाके में देर रात TMC कार्यालय में आग लग गई। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। वहीं जगतबल्लभपुर में भी TMC कार्यालय में आगजनी की घटना सामने आई है।
TMC का आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने आमतला में पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी के कार्यालय में पत्थरबाजी की और पोस्टर-बैनर फाड़ दिए।
इसके अलावा मुर्शिदाबाद जिले के जियागंज में लेनिन की प्रतिमा भी तोड़ दी गई, जिससे वामपंथी संगठनों में नाराजगी फैल गई है।
चुनाव परिणाम और राजनीतिक बदलाव के बीच कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और TMC महासचिव अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर से सुरक्षा हटा दी गई है। इस फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
4 मई को आए विधानसभा चुनाव परिणामों में पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन हुआ है। वहीं असम और पुडुचेरी में NDA ने वापसी की है। तमिलनाडु में विजय की पार्टी TVK ने सबसे ज्यादा सीटें जीतकर सभी को चौंका दिया।
59 साल बाद तमिलनाडु में ऐसी सरकार बनने जा रही है, जिसमें DMK या AIADMK में से कोई भी सत्ता में नहीं होगी।
तमिलनाडु में TVK प्रमुख विजय आज राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। कांग्रेस पहले ही विजय को समर्थन देने का ऐलान कर चुकी है।
हालांकि AIADMK और TVK के बीच संभावित गठबंधन को लेकर भी अटकलें तेज हैं। TVK के वरिष्ठ नेता एन. आनंद ने बुधवार सुबह AIADMK प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी से मुलाकात की।
बंगाल में बढ़ती हिंसा के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने हिंसा में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव, DGP, कोलकाता पुलिस कमिश्नर और केंद्रीय बलों को संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं।
पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा ने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। TMC कार्यालय पर बुलडोजर चलने, राजनीतिक कार्यकर्ताओं की हत्या और सुरक्षाबलों पर हमले जैसी घटनाओं ने माहौल को बेहद तनावपूर्ण बना दिया है। अब प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के सामने शांति व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.