जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ क्षेत्र के बोहा गांव में ट्रैक्टर चालक की हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड इंटेलिजेंस की मदद से 6 घंटे के भीतर ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह घटना 20 जून की है, जब बोहा क्षेत्र में एक व्यक्ति का रक्तरंजित शव मिला था। जांच में मृतक की पहचान नोखा क्षेत्र के काकड़ा निवासी अमरचंद सोनी के रूप में हुई। मृतक के पुत्र ने ट्रैक्टर लूट और हत्या का मामला दर्ज कराया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ट्रैक्टर लूटने के इरादे से चालक की हत्या की और वाहन लेकर फरार हो गए। घटनास्थल पर ट्रैक्टर के टायरों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या और लूट दोनों एंगल से जांच शुरू की।
एसपी अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने एफएसएल और एमओबी की मदद से घटनास्थल का वैज्ञानिक विश्लेषण किया और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया।
पुलिस ने पूछताछ के बाद हरदीप सिंह उर्फ काला और मलकार सिंह उर्फ राजा सिंह को गिरफ्तार किया है, जो श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और आगे पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में कई पुलिस अधिकारियों और टीमों ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे इस जघन्य अपराध का तेजी से खुलासा संभव हो सका।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.