पाली जिले के सोजत रोड थाना क्षेत्र के खारिया सोढ़ा गांव में शादी समारोह के दौरान बिंदोली में डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक अंकित वाल्मीकि पर कुछ लोगों ने लात-घूंसों से बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
परिजनों और ग्रामीणों की मदद से जब घायल युवक को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसकी कार को घेर लिया और डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। करीब एक घंटे तक वाहन को रोके रखने के बाद ग्रामीणों के हस्तक्षेप पर एंबुलेंस बुलाई गई और अंकित को सोजत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक अंकित जोधपुर के पीपाड़ का निवासी था और अपने नाना के साथ शादी समारोह में शामिल होने आया था। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने सोजत निवासी मदनलाल वाल्मीकि सहित करीब 10 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.