जयपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई: JEN 80 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

जयपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने नगर निगम जयपुर के कनिष्ठ अभियंता (JEN) संजय कुमार बैरवा को 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोमवार को सिविल लाइंस जोन क्षेत्र में की गई, जहां आरोपी को ट्रैप ऑपरेशन के दौरान रिश्वत की राशि के साथ पकड़ा गया।

मामले के अनुसार, परिवादी ने अपने पुराने जर्जर मकान को तोड़कर नया निर्माण शुरू किया था और इसके लिए नगर निगम से विधिवत भवन निर्माण स्वीकृति भी प्राप्त कर ली थी। स्वीकृति के बावजूद आरोपी जेईएन संजय कुमार बैरवा और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दीनदयाल ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को रुकवाने और मकान को दोबारा सील करने की धमकी दी। इसके बाद कथित तौर पर निर्माण कार्य जारी रखने देने की एवज में 2 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की गई।

आरोप है कि इस मांग में तत्कालीन उपायुक्त (DC) सुनील बैरवा का नाम भी जोड़ा गया और दबाव बनाकर परिवादी को मानसिक रूप से परेशान किया गया। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें 1 लाख रुपए की रिश्वत मांग की पुष्टि हुई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पहले ही 20 हजार रुपए की पहली किस्त वसूली जा चुकी थी।

इसके बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन तैयार किया। सोमवार को आरोपी जेईएन ने परिवादी को बुलाकर अपनी कार का लॉक खोला और 80 हजार रुपए की रिश्वत राशि कार के डैशबोर्ड में रखवाई। जैसे ही रकम रखी गई और आरोपी ने कार लॉक की, उसी समय एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार की तलाशी के दौरान डैशबोर्ड से रिश्वत की 80 हजार रुपए की रकम बरामद की गई। हाथ धुलवाने पर रंग बदलने की पुष्टि भी हुई, जिससे रिश्वत लेने की वैज्ञानिक पुष्टि हुई। इसके अलावा आरोपी के पर्स से 27,400 रुपए की संदिग्ध नकदी भी बरामद हुई है, जिसकी जांच की जा रही है।

पूरे मामले में एसीबी के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई की गई और आरोपी से पूछताछ जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस प्रकरण में अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल थे। इस कार्रवाई के बाद नगर निगम में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

Written By

Chanchal Rathore

Desk Reporter

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
उदयपुर में खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, तीन युवक घायल; कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त | सीकर में दुकान से सामान लेने गई 20 वर्षीय युवती लापता, पिता ने युवक पर भगाकर ले जाने का जताया शक | जोधपुर में कल से आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, अगले सप्ताह से बढ़ेगी सर्दी; तापमान में भी गिरावट | जयपुर में हॉर्न बजाने पर युवक से मारपीट, बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला; मुक्के मारकर तोड़ा दांत | उत्तर भारत में मौसम का बदला मिजाज: यूपी के 20 जिलों में कोहरा, दिल्ली में AQI 478; राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट | सीकर में सोशल मीडिया फ्रेंड पर 39 वर्षीय महिला से रेप का आरोप, नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़; घर से सामान चोरी करने का भी दावा | जोधपुर में नाबालिग भतीजियों से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, चाचा पर हमला; डंपर से कुचलने की कोशिश, हवाई फायरिंग से फैलाई दहशत | जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सवा मिनट में हत्या, कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार; 7 साल पुरानी रंजिश में मर्डर, सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने BSF की महिला जवानों संग मनाई भाई दूज, तनोट माता मंदिर में किए दर्शन | एयरटेल रिचार्ज प्लान: 349 रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं! एयरटेल ने वापस लॉन्च किया 299 रुपये वाला प्लान, जानें क्या मिलेंगे फायदे |