केंद्रीय बस स्टैंड की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जिला कलक्टर निशांत जैन ने सोमवार को बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टिकट खिड़की से लेकर पूरे परिसर का पैदल दौरा किया और जगह-जगह फैली गंदगी, अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था तथा यात्री सुविधाओं की कमी पर नाराजगी जताई।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अगले 15 दिनों के भीतर बस स्टैंड की व्यवस्था में स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि तय समय के बाद पुनः निरीक्षण किया जाएगा और सुधार नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने डस्टबिन की संख्या बढ़ाने, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, अतिक्रमण हटाने तथा दुकानों के बाहर रखे सामान को तुरंत अंदर करने के निर्देश दिए। साथ ही पूछताछ कक्ष को हर समय सक्रिय रखने और यात्रियों को बसों की सही जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
इस दौरान उपखंड अधिकारी महिमा कसाना और रोडवेज डिपो प्रबंधक इंदिरा गोदारा भी मौजूद रहीं। यह कार्रवाई स्थानीय मीडिया में प्रकाशित बदहाल व्यवस्थाओं की खबर के बाद की गई, जिसके कुछ ही घंटों में प्रशासन हरकत में आ गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.