भीलवाड़ा जिले के करेड़ा कस्बे में एक हैरान करने वाली चोरी की वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहनकर एक मोबाइल शोरूम में सेंध लगाई और लाखों रुपये कीमत के 30 से 40 महंगे स्मार्टफोन चोरी कर लिए। यह घटना रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहले दुकान की छत के रास्ते अंदर प्रवेश किया और सीढ़ियों का ताला तोड़कर दुकान में घुसे। इसके बाद उन्होंने विभिन्न कंपनियों के नए एंड्रॉइड और आईओएस मोबाइल फोन समेट लिए और फरार हो गए। सुबह जब दुकान मालिक लक्ष्मण सैन ने शटर खोला तो पूरी वारदात का खुलासा हुआ।
इसी रात चोरों ने पास ही स्थित एक अन्य मोबाइल दुकान में भी चोरी का प्रयास किया, जहां सीसीटीवी में एक व्यक्ति को सरिया से शटर तोड़ने की कोशिश करते हुए देखा गया। इस दौरान आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए पीएम मोदी का मुखौटा पहना हुआ था।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.