मुंबई: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में गुरुवार तड़के भूकंप के झटकों से लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। लातूर, नांदेड़, हिंगोली और परभणी जिलों में देर रात और तड़के कई बार धरती कांपी। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक कहीं से भी जान-माल के नुकसान या किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, पहला झटका रात 1:37 बजे, दूसरा 2:15 बजे और तीसरा 2:17 बजे महसूस किया गया। रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता क्रमशः 4.6, 3.6 और 3.9 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र हिंगोली जिले के वासमत तालुका के शिरली गांव के पास बताया गया है।
भूकंप के झटके लातूर शहर और निलंगा सहित आसपास के क्षेत्रों में भी महसूस किए गए। अधिकांश लोग उस समय गहरी नींद में थे, लेकिन लगातार झटकों के कारण कई लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ समय के लिए इलाके में दहशत का माहौल रहा।
जिला प्रशासन ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी भी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। जिला कलेक्टर राहुल कार्डिले ने नागरिकों से अपील की है कि यदि दोबारा भूकंप के झटके महसूस हों तो तुरंत सुरक्षित स्थान या खुले मैदान में चले जाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भूकंप की सटीक भविष्यवाणी संभव नहीं होती, इसलिए किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। नागरिक केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तुरंत सूचित करें। अधिकारियों ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.