राजस्थान के केकड़ी क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाली ₹1268 करोड़ की नसीराबाद–देवली वाया केकड़ी फोरलेन सड़क परियोजना का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 11 जुलाई को इस महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रथम चरण का शिलान्यास किया था। इसके अगले ही दिन केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया।
करीब 100 किलोमीटर लंबी इस परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। प्रथम चरण में केकड़ी से देवली तक फोरलेन सड़क का निर्माण होगा, जिसकी लागत 575 करोड़ रुपये है। इसमें 445 करोड़ रुपये सिविल निर्माण और 130 करोड़ रुपये यूटिलिटी शिफ्टिंग पर खर्च किए जाएंगे।
यह सड़क केकड़ी के कनकावती सर्किल से शुरू होकर ब्यावर रोड, कादेड़ा रोड, कोहड़ा, पारा, गुलगांव, सावर और नापाखेड़ा होते हुए देवली तक पहुंचेगी, जहां इसका सीधा जुड़ाव जयपुर–कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग से होगा।
परियोजना पूरी होने के बाद जयपुर, अजमेर, कोटा और बूंदी से केकड़ी की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे यात्रा का समय घटेगा, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी। विधायक ने निर्माण एजेंसी को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.