उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर जिले से जुड़े सात बच्चों को गोवा में रेस्क्यू किए जाने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। बच्चों की उम्र 7 से 12 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इन्हें तमिलनाडु में निशुल्क शिक्षा दिलाने के नाम पर राजस्थान से बाहर ले जाया जा रहा था। गोवा रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति को बच्चों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसने रेलवे पुलिस और बाल कल्याण समिति (CWC) को सूचना दी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि बच्चे उदयपुर जिले की झाड़ोल तहसील के विभिन्न गांवों के रहने वाले हैं। गोवा बाल कल्याण समिति ने उदयपुर बाल कल्याण समिति से संपर्क किया, जिसके बाद एक टीम गोवा पहुंची और बच्चों को वापस उदयपुर लेकर आई। फिलहाल बच्चों की काउंसलिंग की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविक जानकारी सामने आ सके।
इस मामले पर उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि शिक्षा की आड़ में बच्चों को राज्य से बाहर ले जाकर धर्मांतरण की कोशिश किए जाने की आशंका है। साथ ही उन्होंने मामले की NIA, CBI और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) जैसी केंद्रीय एजेंसियों से जांच कराने की मांग की है। हालांकि, धर्मांतरण के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.