जयपुर के मोतीडूंगरी इलाके में गैस सिलेंडर में आग लगने से एक बड़ा हादसा सामने आया है। हादसे में 40 वर्षीय शिक्षिका स्वाति सैनी गंभीर रूप से झुलस गईं। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह घर में अकेली थीं।
जानकारी के अनुसार, सिलेंडर किचन में नहीं बल्कि दूसरी मंजिल के हॉल में रखा हुआ था। अचानक आग लगने के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान पड़ोसी ने साहस दिखाते हुए छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और दरवाजा तोड़कर स्वाति सैनी को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में महिला करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गई हैं। फिलहाल उनका इलाज निजी अस्पताल में जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच की जा रही है कि आग सिलेंडर लीकेज के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही।
पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.