Rajasthan News: राजस्थान में डिलीवरी के बाद कई प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने और मौत के मामले सामने आने के बाद एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या सामने आई है। डॉक्टरों के अनुसार इसके पीछे HELLP सिंड्रोम एक बड़ा कारण बनकर उभर रहा है।
इस बीमारी में गर्भवती महिलाओं का ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ जाता है, शरीर में खून की कमी होने लगती है, प्लेटलेट्स कम हो जाते हैं और इसका असर किडनी व लीवर जैसे महत्वपूर्ण अंगों पर पड़ सकता है।
जोधपुर में हाल ही में रेफर होकर आई कई प्रसूताओं में यह समस्या देखी गई है। डॉक्टरों के मुताबिक समय पर जांच नहीं होने की वजह से बीमारी गंभीर स्थिति में पहुंच रही है। कुछ मामलों में सिजेरियन डिलीवरी करनी पड़ रही है, जबकि गंभीर मरीजों को वेंटिलेटर तक की जरूरत पड़ रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि गर्भावस्था के दौरान एंटीनेटल चेकअप (ANC) बेहद जरूरी है। नियमित जांच से ब्लड प्रेशर, खून की कमी और अन्य परेशानियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है।
डॉक्टरों के अनुसार HELLP सिंड्रोम में लाल रक्त कोशिकाएं टूटने लगती हैं, प्लेटलेट्स कम हो जाते हैं और डिलीवरी के दौरान ज्यादा ब्लीडिंग का खतरा बढ़ जाता है। कई गंभीर मामलों में खून नहीं रुकने पर बच्चेदानी निकालने जैसी स्थिति भी बन सकती है।
चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को सलाह दी है कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं और ब्लड प्रेशर समेत सभी जरूरी जांच को नजरअंदाज न करें, ताकि समय रहते इलाज शुरू किया जा सके।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.