राजस्थान के दौसा जिले में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतक के सगे चाचा अशोक रैगर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी को अपनी पत्नी और भतीजे सौरभ रैगर के बीच नजदीकियों का शक था। इसी शक ने उसे खौफनाक वारदात को अंजाम देने पर मजबूर कर दिया।
21 जुलाई को मित्रपुरा के पास एक तलाई किनारे युवक का शव मिला था। गले पर गहरे घाव होने और पहचान नहीं होने के कारण पुलिस के सामने बड़ी चुनौती थी। विशेष टीम ने घटनास्थल से लेकर शहर तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच की और कुछ ही घंटों में मृतक की पहचान सौरभ रैगर के रूप में कर ली।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी चाचा अशोक रैगर ने भतीजे को शराब पिलाने के बहाने सुनसान स्थान पर बुलाया। वहां पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर गुस्से में आकर उसने धारदार हथियार से सौरभ की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने सटीक जांच के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि यह हत्या किसी पुरानी रंजिश नहीं, बल्कि पारिवारिक विवाद और चाची-भतीजे की कथित नजदीकियों के शक के चलते की गई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.