अजमेर के दरगाह थाना क्षेत्र में दर्ज इस मामले में पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि कुछ महिलाएं उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गईं। पुलिस के अनुसार, किशोरी को पहले पुष्कर ले जाया गया, जहां एक होटल में उसके साथ कथित दुष्कर्म किया गया। इसके बाद उसे चूरू जिले के सरदारशहर ले जाकर 32 हजार रुपये में बेचने और उसकी शादी कराने का आरोप है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ के अनुसार, जांच में यह मामला मानव तस्करी से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस ने अब तक तीन महिला आरोपियों और दुष्कर्म के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़िता को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया है।
इसी मामले में पुलिस और नगर निगम ने एक महिला आरोपी नूरजहां के कथित अवैध निर्माण पर कार्रवाई करते हुए मकान को तोड़ना शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि अन्य आरोपियों के मकानों की भी जांच की जा रही है और जहां भी अवैध निर्माण मिलेगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.