जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि करीब 4 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में भव्य रोज गार्डन तैयार किया जाएगा, जहां 4 हजार गुलाब के पौधे लगाए जाएंगे। इनमें 3 हजार मल्टीकलर ग्राफ्टेड गुलाब और 1 हजार देशी गंगानगर गुलाब शामिल होंगे। यह गार्डन शहरवासियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा जवाहर सर्किल की सुंदरता को नई पहचान देगा।
इसके साथ ही 4 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में एक आधुनिक नर्सरी भी विकसित की जाएगी। यहां 32 प्रजातियों के लगभग 3 हजार पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें 2 हजार सजावटी और 1 हजार फलदार पौधे शामिल होंगे। इस नर्सरी का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण पौधों का संरक्षण, संवर्धन और शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार करना है।
यही नहीं, जवाहर सर्किल में अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी बनाया जाएगा, जिसमें विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे युवाओं और उभरते खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास का मंच मिलेगा, वहीं आम नागरिकों को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी।
जेडीए का मानना है कि रोज गार्डन, आधुनिक नर्सरी और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का यह विकास कार्य न केवल पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, बल्कि जयपुर के पर्यटन, सौंदर्यीकरण और शहरी विकास को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। जवाहर सर्किल भविष्य में राजधानी का एक प्रमुख ग्रीन और रिक्रिएशनल हब बनकर उभरेगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.