अजमेर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत अजमेर और केंद्रीय विश्वविद्यालय राजस्थान, किशनगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 400 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन का लाइव प्रसारण देखा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी रहे, जबकि अध्यक्षता केंद्रीय विश्वविद्यालय राजस्थान के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में माय भारत अजमेर के जिला युवा अधिकारी जयेश मीना, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) कार्यक्रम अधिकारी देवेन्द्र रणकावत तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने युवाओं से आह्वान किया कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका युवा वर्ग है। यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगाएंगे, तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार होगा। उन्होंने युवाओं से अपने साथ-साथ समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सभी युवाओं को नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई। जिला युवा अधिकारी जयेश मीना ने बताया कि मुख्यमंत्री के संदेश और प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप अजमेर जिले में माय भारत के स्वयंसेवक गांव-गांव और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चला रहे हैं। साथ ही माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन नशा मुक्ति प्रतिज्ञा, युवाओं का पंजीकरण और विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां भी लगातार संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र की ऊर्जा को कमजोर करता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने, अपने मित्रों और परिवार को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा इस अभियान को जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का भी माध्यम होता है। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से नशा मुक्ति जैसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाराणा प्रताप युवा मंडल के संस्थापक मयंक सिंह नेगी, अध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा, विश्वविद्यालय परिवार, एनएसएस, एनसीसी स्वयंसेवकों और माय भारत के स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त विकसित भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.