राजधानी जयपुर के जगतपुरा क्षेत्र में नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के लिए प्रशासन सोमवार को बड़ा अभियान चलाएगा। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) सड़क सीमा (राइट ऑफ वे) में आने वाले पांच धार्मिक स्थलों को हटाएगा। इन पांच स्थलों में एक मस्जिद, दो मंदिर, एक सत्संग भवन और एक मजार शामिल हैं।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 3 हजार पुलिसकर्मी और अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा राजस्थान सशस्त्र बल (RAC) की 12 कंपनियां भी कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद रहेंगी। प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए पूरे क्षेत्र को सील कर रखा है।
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के आयुक्त सचिन मित्तल ने कहा कि कार्रवाई के दौरान सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस की साइबर यूनिट और कानून-व्यवस्था से जुड़ी टीमें लगातार मॉनिटरिंग करेंगी।
यदि कोई व्यक्ति धार्मिक उन्माद फैलाने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या भ्रामक जानकारी साझा करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भड़काऊ वीडियो, फर्जी पोस्ट या अफवाह फैलाने वाले कंटेंट पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने कहा है कि यह सड़क चौड़ीकरण योजना के तहत अव्यवस्थित और सड़क में बाधक बनने वाले धार्मिक स्थलों को हटाने का आवश्यक कदम है। स्थानीय नागरिकों को कार्रवाई के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की तरफ से सतर्क रहने की अपील की गई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.