राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के धोलापानी ग्राम पंचायत क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में एक 19 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतका की पहचान धोलापानी निवासी माया पुत्री कारूलाल मीणा के रूप में हुई है। वह शुक्रवार रात से घर से लापता थी, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। शनिवार को खोजबीन के दौरान परिजनों को विद्यालय परिसर में उसका शव मिला, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर धोलापानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छोटीसादड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में भिजवाया। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जिसके बाद गांव में शोक का माहौल है।
इसी जिले में बीते दिनों छोटीसादड़ी थाना परिसर स्थित पुलिस आवास में महिला कांस्टेबल सोम कुंवर के मृत मिलने की घटना ने भी पुलिस महकमे में हलचल मचा दी थी। उस मामले में भी एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए गए थे और पुलिस जांच जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.