जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 5:30 बजे बासनी की गणेश नगर श्रमिक कॉलोनी स्थित हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में आग लगी थी। आग बुझाने के लिए अलग-अलग फायर स्टेशनों से 10 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 35 फायर फाइटर्स राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री में रखे केमिकल से भरे ड्रमों में धमाके होने लगे। इसी दौरान एक जलते हुए ड्रम पर बिल्डिंग की छत से पत्थर आकर गिरा, जिसके बाद जोरदार ब्लास्ट हुआ। ड्रम में मौजूद जलता हुआ केमिकल फायर फाइटर्स पर जा गिरा।
ब्लास्ट के बाद जलता हुआ केमिकल करीब 300 मीटर दूर तक उछला और कई फायर फाइटर्स इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 14 कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। मौके पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण साथी फायरकर्मियों ने घायलों को पिकअप और दमकल की गाड़ियों से अस्पताल पहुंचाया।
घायलों को पहले एम्स ले जाया गया, लेकिन बर्न यूनिट उपलब्ध नहीं होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया। यहां झुलसे कर्मचारियों के इलाज के लिए अलग आईसीयू बनाया गया है।
फैक्ट्री में आग इतनी भीषण थी कि उसे नियंत्रित करने के लिए रात करीब 11 बजे के बाद एयरफोर्स की फायर ब्रिगेड टीम को भी बुलाना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद गुरुवार सुबह करीब 5 बजे आग पर काबू पाया गया।
हालांकि, आग बुझने के करीब दो घंटे बाद सुबह 7 बजे फैक्ट्री में दोबारा आग लग गई। फैक्ट्री से अब भी धुआं निकलने की जानकारी सामने आई है।
जोधपुर पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया के मुताबिक, फैक्ट्री में ज्वलनशील केमिकल और थिनर का इस्तेमाल किया जा रहा था। फैक्ट्री किसकी है और वहां केमिकल का स्टोरेज किस तरह किया जा रहा था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
नगर निगम के चीफ फायर ऑफिसर जलज घसिया ने बताया कि सूचना मिलते ही अलग-अलग फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। फैक्ट्री में केमिकल से भरे ड्रम लगातार खतरा पैदा कर रहे थे, जिसके चलते आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.