अजमेर, 12 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 और 6 में कुल 1 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत से होने वाले सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। इन कार्यों से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़क व्यवस्था मजबूत होगी।
वार्ड 5 में राज कॉलोनी से हाथीखेड़ा मार्ग तक 44 लाख रुपये तथा हाथीखेड़ा मुख्य सड़क पर 41 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क का निर्माण होगा। वहीं, वार्ड 6 की चामुंडा कॉलोनी में 27 लाख रुपये की लागत से सड़क बनाई जाएगी।
देवनानी ने कहा कि अजमेर के सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार विकास कार्य करवाकर सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शहर में 147 करोड़ रुपये की लागत से गैस आधारित 132 केवी जीएसएस और करीब 270 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजनाओं पर काम जारी है। इसके अलावा सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक, साइंस पार्क, आधुनिक लाइब्रेरी, बालिकाओं के लिए सैनिक स्कूल, आईटी पार्क और खेल स्टेडियम का निर्माण भी प्रगतिरत है।
शहर के सौंदर्यीकरण के लिए प्रमुख मार्गों पर हेरिटेज लाइटें, डेकोरेटिव पोल और स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित महापौर अनामिका शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.