जोधपुर में भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी जिला परिषद सदस्य के वार्ड नंबर 18 से नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इस दौरान भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल भी मौजूद रहे। दावेदारों के अनुसार, पार्टी स्तर पर टिकट को लेकर आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने नामांकन दाखिल किया है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने रणनीति के तहत अभी तक प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है। शनिवार को हुई बैठकों के बाद संभावित प्रत्याशियों को फोन कर नामांकन दाखिल करने के लिए कहा गया था। कई दावेदारों ने सोमवार को ही पर्चे दाखिल कर दिए, जबकि बाकी प्रत्याशियों ने मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी की।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न सीधे रिटर्निंग अधिकारियों के पास जमा करवाएगी, जबकि भाजपा की ओर से अंतिम समय में प्रत्याशियों की सूची जारी किए जाने की संभावना जताई गई।
कांग्रेस की ओर से जिला परिषद सदस्य के वार्ड नंबर 15 से राजू राम पटेल ने नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए जरूरत पड़ने पर धरने पर बैठने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उनका कहना था कि पार्टी की ओर से टिकट की पुष्टि होने के बाद ही वे नामांकन दाखिल करने पहुंचे हैं।
वहीं, कांग्रेस से नेहा चौधरी ने वार्ड नंबर 3 से नामांकन दाखिल किया। वे वर्ष 2010 से 2015 तक बालेसर की प्रधान रह चुकी हैं। पिछली बार वे वार्ड नंबर 7 से जिला परिषद सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं।
भाजपा की ओर से जिला परिषद सदस्य के वार्ड नंबर 8 से रविना कंवर घूंघट में नामांकन दाखिल करने पहुंचीं। पंचायत चुनाव के अंतिम दिन जोधपुर में विभिन्न राजनीतिक दलों के संभावित प्रत्याशियों की आवाजाही बनी रही।
सोमवार को जिला परिषद सदस्य पदों के लिए 39 प्रत्याशियों ने 41 नामांकन पत्र दाखिल किए। तीन दिनों में जिला परिषद सदस्य पदों के लिए कुल 42 प्रत्याशियों की ओर से 44 नामांकन प्रस्तुत किए गए।
पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सोमवार को 165 नामांकन पत्र दाखिल हुए। अलग-अलग पंचायत समितियों में नामांकन का विवरण इस प्रकार रहा:
चांबा: 26 नामांकन
शेरगढ़: 29 नामांकन
आगोलाई: 30 नामांकन
सेखाला: 30 नामांकन
बालेसर: 27 नामांकन
चामू: 23 नामांकन
नामांकन के अंतिम दिन राजनीतिक दलों की रणनीति, प्रत्याशियों की दावेदारी और आधिकारिक टिकटों की घोषणा पर सभी की नजरें टिकी रहीं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.