मुख्य सचिव ने सहकारिता, परिवहन, कृषि एवं राजस्थान कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (RCDF) से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने परिवादियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी ली।
इस दौरान बहादुर सिंह और राधे जी ने मुख्य सचिव को बताया कि उनके वाहन के पंजीयन प्रमाण पत्र के नवीनीकरण और उसे ऑनलाइन करने से संबंधित शिकायत का विभाग की ओर से समाधान कर दिया गया है। वहीं, कृषि विभाग से संबंधित सब्सिडी के मामले में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों और दुग्ध उत्पादकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग और राजस्थान कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन से संबंधित शिकायतों के औसत निस्तारण समय में आई कमी पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाता है और आमजन का सरकार के प्रति विश्वास मजबूत करता है।
उन्होंने अधिकारियों को राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी से बचने और प्रत्येक प्रकरण में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहकारिता विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा, राजफेड के प्रबंध निदेशक सौरभ स्वामी, परिवहन विभाग के आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा, आरसीडीएफ की प्रबंध निदेशक श्रुति भारद्वाज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.