जयपुर के गोबर दीपकों की देश-विदेश में धूम, अब तक 17 लाख दीपकों का उत्पादन और बिक्री

जयपुर। दीपावली पर घर-आंगन रोशन करने के साथ गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और महिला आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की अनूठी पहल जयपुर में नई पहचान बना रही है। टोंक रोड, सांगानेर स्थित श्री पिंजरापोल गौशाला परिसर के सनराइज ऑर्गनिक पार्क में गाय के गोबर से पर्यावरण-अनुकूल दीपक तैयार किए जा रहे हैं। जयपुर में तैयार हो रहे इन स्वदेशी दीपकों की मांग देश के 17 राज्यों से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मॉरीशस तक पहुंच चुकी है। अभियान के तहत अब तक करीब 17 लाख दीपकों का उत्पादन और बिक्री की जा चुकी है।

प्रतिदिन तैयार हो रहे 10 हजार गोबर के दीपक

दीपकों की बढ़ती मांग को देखते हुए वर्तमान में प्रतिदिन करीब 10 हजार दीपकों का निर्माण किया जा रहा है। इस वर्ष राजस्थान सहित देश के 17 राज्यों में करीब 7 लाख दीपक भेजे गए हैं, जबकि मॉरीशस में 10 लाख दीपकों की बड़ी खेप पहुंचाई गई है।

अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि इस अभियान की सबसे खास बात यह है कि दीपकों के निर्माण से लेकर उनकी पैकेजिंग तक की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं को सौंपी गई है। इससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिलने के साथ पारंपरिक संसाधनों पर आधारित स्वदेशी उत्पादों को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।

100 से अधिक महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर

अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद की अंतरराष्ट्रीय सह-संयोजक एवं हैनीमैन चैरिटेबल मिशन सोसाइटी की सचिव मोनिका गुप्ता ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

उन्होंने बताया कि गोबर आधारित कुटीर उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में टोंक, निवाई, बस्सी, मालपुरा, भरतपुर और जयपुर के 10 महिला सहायता समूहों की 100 से अधिक महिलाएं पिछले करीब छह महीनों से दीपक और गोबर से बने अन्य उत्पाद तैयार कर रही हैं।

मोनिका गुप्ता के अनुसार, हमारा उद्देश्य महिलाओं को केवल कामगार तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य की सफल उद्यमी बनाना है, ताकि वे स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।

पांच तरह के दीपक, कीमत मात्र 5 रुपये से शुरू

आम परिवारों के बजट को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष पांच अलग-अलग तरह के आकर्षक गोबर के दीपक तैयार किए गए हैं। इनकी कीमत 5, 10, 15, 25 और 30 रुपये प्रति दीपक रखी गई है।

इन दीपकों को विशेष निर्माण प्रक्रिया से तैयार किया जाता है, जिससे तेल रिसाव की समस्या नहीं होती। साथ ही दीपक जलने के दौरान पात्र के जल्दी जलने जैसी परेशानियों को भी कम करने का प्रयास किया गया है। पारंपरिक दीपावली सजावट के साथ पर्यावरण के अनुकूल विकल्प के रूप में इन दीपकों को पसंद किया जा रहा है।

गोबर से दीपक ही नहीं, कई उपयोगी उत्पाद भी तैयार

इस पहल के तहत गाय के गोबर को केवल कृषि उपयोग तक सीमित न रखकर उससे कई तरह के उपयोगी और सजावटी उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इनमें जैविक खाद, धूपबत्ती, गमले, गौमाता की प्रतिमाएं, गणेश जी, आदियोगी, गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां, शुभ-लाभ, ओम, श्री, ब्रेसलेट और मालाएं सहित कई उत्पाद शामिल हैं।

प्राकृतिक सामग्री से बने इन उत्पादों को बढ़ावा देने का उद्देश्य प्लास्टिक आधारित सजावटी वस्तुओं पर निर्भरता कम करना और गोबर के बेहतर उपयोग को प्रोत्साहित करना है।

उपयोग के बाद गोबर के दीपकों के अवशेषों का उचित प्रबंधन भी इस पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कंपोस्टिंग के अनुकूल सामग्री से बने दीपकों में से बाती, तेल और अन्य अनुपयुक्त सामग्री अलग करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत अवशेषों का जैविक खाद बनाने में उपयोग किया जा सकता है।

4 हजार गौशालाओं के नेटवर्क से ग्रामीण उद्योगों को बढ़ावा देने की योजना

डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद से करीब 4 हजार गौशालाएं जुड़ी हुई हैं। इस नेटवर्क के माध्यम से गोबर आधारित उत्पादों के निर्माण, प्रशिक्षण और विपणन की संभावनाओं को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सकता है।

उनका कहना है कि गौशालाओं को केवल गौवंश के आश्रय स्थल के रूप में नहीं, बल्कि ग्रामीण उद्योग, महिला रोजगार और कौशल विकास के केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाना चाहिए।

जयपुर की यह पहल गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण को एक साथ जोड़ते हुए स्वदेशी कुटीर उद्योगों के लिए नई संभावनाएं खोल रही है। गोबर से तैयार दीपकों की देश-विदेश में बढ़ती मांग इस बात का उदाहरण है कि स्थानीय संसाधनों और महिलाओं के हुनर को सही मंच मिले तो रोजगार और उद्यमिता के नए रास्ते तैयार हो सकते हैं।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
चक्रवात अर्नब की ताजा अपडेट: कमजोर पड़ा चक्रवात अर्नब, राजस्थान से बिहार तक मौसम का अलर्ट; अंडमान सागर में नया सिस्टम सक्रिय | चुनाव आयोग का बड़ा फैसला: दिल्ली, महाराष्ट्र समेत 6 राज्यों में SIR की समयसीमा बढ़ाई, जानिए नई तारीखें | RSS के गढ़ नागपुर में कांग्रेस की जीत से BJP को झटका, पुणे में भी हारी; जानिए कहां बिगड़ा चुनावी गणित | भूटान में ग्लेशियर झील फटी, गासा का मशहूर गर्म पानी का कुंड बहा; भारत में बाढ़ का खतरा, बंगाल में 10 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए | मोदी नहीं, 'ओदी' कहिए... ज्ञानेश कुमार का नाम भी बदला, CJP नेता आशुतोष रांका ने समर्थकों को सिखाई कोड लैंग्वेज | गजराज राव बोले- ‘बधाई हो’ मेरे लिए ‘शोले’ जैसी, इस फिल्म ने बदल दी जिंदगी; जयपुर की कचौरी-मिठाइयों के भी मुरीद | सुप्रीम कोर्ट ने पाकिस्तानी जासूसी के आरोपी झबरा राम की जमानत रद्द की, दो सप्ताह में सरेंडर करने का आदेश | राजस्थान पंचायत चुनाव: दूसरे चरण में 65.15% मतदान, 2019 के मुकाबले 1.59 प्रतिशत की बढ़ोतरी | चक्रवात ‘अर्नब’ का कहर: आंध्र प्रदेश-ओडिशा में 5 मौतें, राजस्थान समेत 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट | आज का पंचांग 29 अक्टूबर 2026: आज करवा चौथ पर दिल्ली में रात 8:17 बजे निकलेगा चांद, जयपुर-मुंबई समेत जानें चंद्रोदय का समय |