मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) गौतम लाल के अनुसार, दीपावली के दिन शहर में कुल 82 स्थानों पर आग लगने की सूचनाएं प्राप्त हुईं। इनमें छप्परों में आग लगने के मामले सबसे अधिक रहे। इसके अलावा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आवासीय परिसरों में भी आगजनी की घटनाएं हुईं।
छप्परों में आग की सर्वाधिक घटनाएं
आंकड़ों के अनुसार, कुल 82 घटनाओं में से 54 घटनाएं छप्परों में आग लगने की थीं। वहीं, गोदामों और दुकानों में आग लगने की 18 घटनाएं दर्ज की गईं। इसके अतिरिक्त मकानों में आग लगने के 6, मंदिरों में 3 और एक वाहन में आग लगने का मामला सामने आया। आतिशबाजी के दौरान आग की घटनाओं ने शहर में अग्निशमन विभाग की सतर्कता और सक्रियता की परीक्षा ली।
पूरी रात अलर्ट मोड पर रहा अग्निशमन विभाग
दीपावली के दौरान आगजनी की आशंका को देखते हुए नगर निगम का अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड पर रहा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आग लगने की सूचनाएं मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए कार्रवाई की। छप्परों, दुकानों, गोदामों और आवासीय परिसरों में लगी आग को नियंत्रित करने के लिए दमकलकर्मियों को लगातार सक्रिय रहना पड़ा।
दीपावली के अगले दिन भी सामने आईं आगजनी की घटनाएं
दीपावली के अगले दिन रविवार को भी जयपुर के अलग-अलग इलाकों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। हालांकि, अग्निशमन विभाग की टीमों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर आग पर जल्द नियंत्रण पा लिया। त्योहार के दौरान लगातार मिल रही आगजनी की सूचनाओं के बीच फायर शाखा की टीमों की मुस्तैदी बनी रही।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.