फोन पर दिया 20 सोने के सिक्कों का ऑर्डर
पुलिस के अनुसार, एमआई रोड स्थित मैसर्स जेकेजे एंड संस ज्वेलर्स के मैनेजर राजेश शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि 6 नवंबर को दोपहर करीब 1:26 बजे शोरूम के मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति का फोन आया। कॉल रिसीव करने वाले कर्मचारी विक्रम सिंह से बातचीत के दौरान आरोपी ने 5-5 ग्राम के 20 सोने के सिक्के खरीदने की इच्छा जताई।
इसके बाद दोपहर करीब 2:05 बजे दोबारा फोन आया। बातचीत में सोने के सिक्कों का सौदा तय हुआ और भुगतान जयपुर में मौजूद एक परिचित के जरिए करवाने की बात कही गई। कर्मचारी विक्रम सिंह ने वॉट्सऐप के जरिए टोकन नंबर और 15 लाख 10 हजार रुपए की कच्ची पर्ची भेज दी। इसके बाद वॉट्सऐप पर लगातार बातचीत होती रही।
आकाश जैन और मनीष के नाम से बनाई पेमेंट की व्यवस्था
शिकायत के मुताबिक, सोने के सिक्के खरीदने वाले व्यक्ति ने आकाश जैन नाम के एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया और उसी के जरिए भुगतान करवाने की बात कही। आकाश जैन से संपर्क करने पर उसने मनीष नाम के व्यक्ति से मिलने के लिए कहा और चांदपोल बाजार स्थित मोहम्मदी होटल की लोकेशन भेज दी।
इसके बाद शोरूम की ओर से 5-5 ग्राम के 20 सोने के सिक्के यानी कुल 100 ग्राम सोना डिलीवर करने के लिए कर्मचारी ब्रजमोहन और मनीष शर्मा को भेजा गया। दोनों कर्मचारी शाम करीब 7:30 बजे बताए गए स्थान पर पहुंचे और वहां मौजूद व्यक्ति को फोन किया। फोन पर उसने पांच मिनट में आने की बात कहकर इंतजार करने को कहा।
ICICI बैंक की सील लगे नोटों के बंडल थमाए
कुछ देर बाद मनीष नाम का व्यक्ति वहां पहुंचा। उसने कर्मचारियों को टोकन नंबर बताकर ICICI बैंक की चेस्ट ब्रांच की सील लगी 500-500 रुपए के नोटों के तीन बंडल दिए। प्रत्येक बंडल में 10-10 हजार रुपए की गड्डियां बताई गईं और कुल 15 लाख रुपए का भुगतान सौंपा गया।
जब कर्मचारियों ने नोट गिनने की बात कही तो आरोपी ने दावा किया कि बंडलों पर बैंक की चेस्ट ब्रांच की सील लगी है और उनकी पैकिंग भी बंद है, इसलिए गिनने की जरूरत नहीं है। भीड़भाड़ वाले स्थान और आरोपी की बात पर भरोसा करते हुए दोनों कर्मचारियों ने गड्डियों को बिना खोले और बिना जांच किए बैग में रख लिया।
बाकी बचे 10 हजार रुपए का भुगतान भी आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति के जरिए ऑनलाइन करवा दिया। इसके बाद कर्मचारी सोने के सिक्के देकर भुगतान लेकर शोरूम लौट आए।
कैश काउंटर पर खुला ठगी का राज
शोरूम पहुंचने पर जब कर्मचारियों ने कैश काउंटर पर भुगतान की गड्डियां खोलकर जांच की तो उनके होश उड़ गए। गड्डियों के ऊपर और नीचे लगे 500-500 रुपए के नोट असली थे, लेकिन बीच में नोटों की जगह कागज के टुकड़े और खाली कागज भरे हुए थे।
इस तरह शातिर ठगों ने असली नोटों का दिखावा कर करीब 15 लाख रुपए के सोने के सिक्के हासिल कर लिए। मामले में शोरूम मैनेजर राजेश शर्मा की शिकायत पर संजय सर्किल थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान, मोबाइल नंबरों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.