पुलिस के अनुसार, झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी निवासी अभिषेक शर्मा (24) भाईदूज के अवसर पर अपनी बहन के घर निवारू रोड स्थित विश्वनाथ धाम कॉलोनी आया हुआ था। दोपहर करीब 3 बजे वह बहन के घर के पास पहुंचा तो बीच सड़क पर काले रंग की XUV खड़ी थी। रास्ता नहीं मिलने पर उसने कार हटवाने के लिए हॉर्न बजाया।
शिकायत के मुताबिक, हॉर्न बजाने पर घर के अंदर से दो युवक बाहर आए और गाली-गलौच करने लगे। देखते ही देखते उनके परिवार और परिचितों के करीब 10 से 15 लोग मौके पर पहुंच गए। कार को साइड में करने के लिए हॉर्न बजाने की बात पर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान हमलावरों ने पत्थर उठाकर अभिषेक की कार के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद उसे बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला और चेहरे पर मुक्के मारे, जिससे उसका दांत टूट गया।
शोर सुनकर अभिषेक की बहन, जीजा और उनके छोटे भाई उसे बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष ने किसी तरह वहां से भागकर घर में घुसकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद घायल अभिषेक अस्पताल पहुंचा, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद उसने खोरा बीसल थाने में आरोपियों के खिलाफ मारपीट और कार में तोड़फोड़ की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.