पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र की एक निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि गांव के कुछ युवक स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं का पीछा करते थे और उन पर अभद्र टिप्पणियां करते थे। इस बात का उलाहना देने पर 11 नवंबर को गौशाला के पास आरोपियों ने परिवादी के साथ मारपीट की।
परिवादी का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी बिना नंबर का डंपर लेकर उसके मोहल्ले पहुंचे। यहां उन्होंने अवैध हथियार लहराते हुए हवाई फायरिंग की और दहशत फैलाई। आरोपियों ने परिवादी और उसके परिजनों पर डंपर चढ़ाने का प्रयास भी किया। इस दौरान वहां खड़ी एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी पंकज यादव के निर्देश पर थानाधिकारी सीताराम खोजा और डीएसटी प्रभारी शंकरलाल कड़वा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पाली शहर में घेराबंदी कर एक रिश्तेदार के घर छिपे मुख्य आरोपी और उसके साथी को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी कर्नाटक भागने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन किराए के पैसे नहीं होने के कारण पाली में ही रुक गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.