जयपुर। राजधानी जयपुर के राजकीय सेठ आनंदीलाल पोद्दार मूक-बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन अब बड़ा प्रशासनिक और राजनीतिक मुद्दा बन गया है। लगातार हो रहे प्रदर्शन के बाद राजस्थान सरकार ने विद्यालय के तत्कालीन प्राचार्य भारत जोशी को निलंबित कर दिया है और पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं।
छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से जर्जर भवन, शौचालयों की बदहाल स्थिति, पीने के पानी की कमी, प्रशिक्षित शिक्षकों का अभाव, अपर्याप्त शैक्षणिक संसाधन और कमजोर आधारभूत सुविधाओं के कारण उन्हें रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अपनी मांगों को लेकर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया।
शिक्षा विभाग ने जयपुर पूर्व के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की है। समिति को छात्रों की शिकायतों, विद्यालय में कथित अव्यवस्थाओं और पूरे घटनाक्रम की जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी छात्रों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया और सरकार से विद्यालय की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने की मांग की। वहीं, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि रिपोर्ट मिलते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि दिव्यांग विद्यार्थियों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.