मुख्यमंत्री ने अरुंधति चौधरी, यशवीर सिंह, राहुल शर्मा, मोना अग्रवाल और संध्या विश्नोई को सम्मानित किया। अरुंधति चौधरी ने मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक, यशवीर सिंह ने भाला फेंक में कांस्य पदक, राहुल शर्मा ने शूटिंग पैरा वर्ल्ड कप में स्वर्ण, मोना अग्रवाल ने कांस्य और संध्या विश्नोई ने अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर राजस्थान का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। अब तक प्रदेश के 3,540 खिलाड़ियों को लगभग 52 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन एवं सहायता राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। वहीं, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले 186 खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं।
राजस्थान में खेलों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने के लिए जयपुर में करीब 101 करोड़ रुपये की लागत से महाराणा प्रताप खेलकूद विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स लाइफ इंश्योरेंस स्कीम लागू की गई है और खेल उपकरणों की खरीद पर करीब 18 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
प्रदेश में 50 खेलो इंडिया केंद्र भी स्थापित किए गए हैं, जहां खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल सामग्री और प्रशिक्षकों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सवाई मानसिंह स्टेडियम में एथलेटिक्स, तीरंदाजी और बॉक्सिंग के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव-गांव से खेल प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए सरकार नई योजनाओं पर काम कर रही है। ‘एक जिला-एक खेल’ के माध्यम से हर जिले में एक खेल को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही ओलंपिक में राजस्थान के खिलाड़ियों की बेहतर भागीदारी और पदक के लिए राजस्थान टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम शुरू की गई है।
पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं की तलाश के लिए ‘खेलो राजस्थान यूथ गेम्स’ का आयोजन भी किया जाएगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.