मुख्यमंत्री रविवार को बेंगलुरु में उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में संवाद कर रहे थे। बैठक में राजस्थान में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, मौजूदा उद्योगों के विस्तार और रोजगार सृजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में व्यवसाय के अनुकूल माहौल, मजबूत औद्योगिक नीतियां, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, मजबूत लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी और कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हैं। पारदर्शी प्रक्रियाओं और निवेशकों के लिए सुविधाजनक नीतियों के कारण प्रदेश में मैन्युफैक्चरिंग, टेक्नोलॉजी, इंफ्रास्ट्रक्चर और सर्विस सेक्टर में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि निवेश को धरातल पर उतारकर स्थानीय स्तर पर उद्योग, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
बैठक के दौरान विभिन्न निवेशकों ने राजस्थान में नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स स्थापित करने और मौजूदा कारोबार के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री के साथ चर्चा की।
निवेशकों की ओर से जिन प्रमुख क्षेत्रों में रुचि दिखाई गई, उनमें सेमीकंडक्टर और एआई आधारित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स, एयरोस्पेस एवं डिफेंस कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग, कॉपर प्रोसेसिंग एवं वैल्यू एडिशन प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।
इसके अलावा एमएसएमई के लिए इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल पार्क, बायो-एनर्जी एवं एग्री-इनोवेशन पार्क, टेक्निकल टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग, फुटवियर प्रोडक्शन, कोल्ड-चेन एवं रेफ्रिजरेशन मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम और रबर रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट्स को लेकर भी संभावनाओं पर चर्चा हुई।
बैठक में राजस्थान के टूरिज्म एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) ऑपरेशन्स से जुड़े प्रस्तावों को लेकर भी निवेशकों ने अपनी योजनाएं साझा कीं।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राजस्थान सरकार उद्योगों की स्थापना, निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि नए उद्योगों की स्थापना और मौजूदा इकाइयों के विस्तार से प्रदेश में निवेश बढ़ने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राजस्थान की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.