डीपीसी के माध्यम से पशुपरिचर पद पर कार्यरत 111 कार्मिकों को पशुधन परिचर पद पर क्रमोन्नत किया गया है। इससे वर्षों से लंबित उनकी पदोन्नति की उम्मीद पूरी हुई है और कार्मिकों का मनोबल बढ़ा है।
निदेशक पशुपालन डॉ. सुरेश चंद मीणा ने बताया कि वर्ष 2001 से लंबित डीपीसी की प्रक्रिया का पूरा होना विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे पशुपरिचरों को अब नियमानुसार पशुधन परिचर पद का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने पदोन्नत सभी कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि वे निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि पदोन्नति से कार्मिकों में नई ऊर्जा का संचार होगा और वे विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से पूरा करेंगे।
निदेशक पशुपालन ने कहा कि विभाग कार्मिकों से जुड़े सेवा प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है। लंबित डीपीसी को नियमानुसार पूरा करने में अधिकारियों और कार्मिकों द्वारा किए गए समन्वित प्रयास सराहनीय हैं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पदोन्नति सहित कार्मिकों से जुड़े अन्य मामलों का नियमानुसार जल्द से जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
पशुपालन विभाग की ओर से लंबित पदोन्नति प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और कार्मिकों को नियमानुसार समयबद्ध लाभ देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। 111 पशुपरिचरों की पदोन्नति से न केवल संबंधित कार्मिकों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि विभागीय कार्यप्रणाली को भी अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.