जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम एसआईएएम, दुर्गापुरा स्थित सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य ने नवनियुक्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी सेवा आमजन की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्मिकों को लोक सेवक के रूप में कार्य करते हुए आमजन के जीवन को बेहतर और खुशहाल बनाने की दिशा में काम करना चाहिए।
रोजगार उत्सव के जिला स्तरीय कार्यक्रम में जयपुर जिले के 1061 नवचयनित युवा कार्मिकों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति-पत्र मिलने पर नवचयनित युवाओं में उत्साह देखने को मिला।
इनमें प्रशासनिक सुधार विभाग के 564, चिकित्सा विभाग (NHM) के 327, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के 65, कारागार विभाग के 40, सचिवालय के 13, सेकेंडरी शिक्षा के 28, कॉलेज शिक्षा के 11, माध्यमिक शिक्षा विभाग बीकानेर के 9, माध्यमिक शिक्षा विभाग के 2 तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग और पर्यटन विभाग के 1-1 नवचयनित कार्मिक शामिल हैं।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर संदेश नायक, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर उत्तर राजेंद्र सिंह, उपखंड अधिकारी जयपुर खुशबू शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नवनियुक्त कार्मिक मौजूद रहे।
इसके अलावा संयुक्त निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग बुद्धि प्रकाश चंदेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रवि शेखावत और माध्यमिक जिला शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंघल सहित अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
अटल गौरव स्मृति समारोह एवं रोजगार उत्सव के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ-साथ नवचयनित कार्मिकों को जनसेवा के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.