जयपुर (रिपोर्ट: अहसान खान)
राजधानी जयपुर के चांदपोल बाजार स्थित पुरानी बस्ती इलाके में किराना दुकान में घुसकर पिता-पुत्र पर नंगी तलवार से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 2 सितंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे जयलाल मुन्शी का रास्ता, पांचवां चौराहा स्थित विनोद स्टोर की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला करण नामक युवक हाथ में नंगी तलवार लेकर किराना दुकान में घुसा और वहां मौजूद मुनीश पर तलवार से लगातार कई वार कर दिए। हमले में मुनीश के हाथ और सीने पर चोटें आईं।
बताया गया कि बेटे पर हमला होते देख दुकान संचालक और उसके पिता कन्हैयालाल जायसवाल बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि आरोपी ने उन पर भी तलवार से हमला कर दिया। इस दौरान कन्हैयालाल की बाईं आंख के पास गंभीर चोट आई।
अचानक हुए हमले के बाद दुकान में अफरा-तफरी मच गई। पिता-पुत्र की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। CCTV फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमला गंभीर और जानलेवा इरादे से किया गया था।
घटना को लेकर थाना नाहरगढ़, जयपुर उत्तर में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 333 और आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी है और CCTV फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.