जोधपुर। नगर निगम चुनाव 2026 के दूसरे चरण में जोधपुर में मतदान जारी है। इसी बीच केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, पुलिस लाइन में परिवार के साथ मतदान किया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने भी सपरिवार मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लिया।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पत्नी नौनंद कंवर और पुत्रियों के साथ मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की परिपक्वता के लिए स्वस्थ और स्वतंत्र मतदान बेहद जरूरी है।
शेखावत ने जोधपुर में भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि जिस तरह का रुझान दिखाई दे रहा है, उससे लगता है कि भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक बार फिर दो-तिहाई बहुमत के साथ नगर निगम में लौटेगी।
केंद्रीय मंत्री ने युवाओं की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और युवा यह समझते हैं कि किसे समर्थन देने से शहर और राज्य का विकास बेहतर तरीके से हो सकता है।
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी जोधपुर में सपरिवार मतदान किया। मतदान के बाद गहलोत ने दावा किया कि नगर निगम चुनाव में कांग्रेस बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी और जोधपुर में कांग्रेस का बोर्ड बनने जा रहा है।
गहलोत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। उनके मुताबिक, पिछले ढाई साल में भाजपा सरकार ने कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया और प्रदेश के हालात गंभीर हैं।
अशोक गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र का महापर्व चल रहा है और यह हमेशा मजबूत बना रहे, यही उनकी कामना है। उन्होंने संविधान के तहत नागरिकों को मिले अधिकारों को मजबूत बनाए रखने की अपील की।
गहलोत ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए जनता को आगे आकर मतदान करना चाहिए और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
जोधपुर नगर निगम चुनाव में 7 लाख 12 हजार 168 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। नगर निगम के 100 वार्डों में 385 प्रत्याशी मैदान में हैं।
भाजपा के 100 प्रत्याशी
कांग्रेस के 100 प्रत्याशी
अन्य दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों की संख्या 185
कुल 100 वार्डों के लिए मतदान
14 सितंबर को होगी मतगणना
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए जोधपुर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। करीब 5 हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। वहीं 184 संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अलग-अलग स्थानों पर क्यूआरटी (Quick Response Team) तैनात की गई हैं। पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया के निर्देशन में डीसीपी मनीष चौधरी और कमल शेखावत सहित पुलिस अधिकारी लगातार फील्ड में व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
फिलहाल जोधपुर में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। अब 14 सितंबर को होने वाली मतगणना के बाद साफ होगा कि जोधपुर नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनता है या कांग्रेस सत्ता में वापसी करती है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.