240 CCTV कैमरों और ड्रोन से होगी निगरानी
मेले के दौरान पूरे खाटू कस्बे पर सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर रहेगी। प्रशासन की ओर से 240 सीसीटीवी कैमरे और दो ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी, 20 डीवाईएसपी, 30 सीआई, 80 एसआई, 120 एएसआई और हेड कांस्टेबल सहित 800 कांस्टेबलों का जाप्ता मांगा गया है। इसके अलावा 70 ट्रैफिक पुलिसकर्मी, 800 होमगार्ड और 1000 सिक्योरिटी गार्ड तैनात करने की मांग की गई है।
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 10 क्रेन लगाई जाएंगी। वहीं, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए चार फायर ब्रिगेड और पांच मेडिकल कैंप भी स्थापित किए जाएंगे।
वृंदावन की थीम पर होगा बाबा श्याम का श्रृंगार
इस बार जन्मोत्सव पर मंदिर परिसर को वृंदावन की तर्ज पर सजाया जाएगा। मंदिर कमेटी अध्यक्ष शक्ति सिंह चौहान के अनुसार, मंदिर परिसर में जगह-जगह भगवान राधा-कृष्ण की लीलाओं का चित्रण किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न अवतारों के आकर्षक कटआउट भी लगाए गए हैं। मंदिर को मोर पंख और बेंगलुरु से आने वाले विशेष फूलों से सजाया जाएगा। वहीं, जन्मोत्सव के दिन गर्भगृह में कोलकाता के फूलों से विशेष श्रृंगार होगा, जिसके लिए वहां से विशेष कारीगर भी बुलाए जाएंगे।
श्रद्धालुओं के लिए 12 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा रेलवे
खाटूश्यामजी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। अब तक 12 स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है। ये ट्रेनें दिल्ली, रेवाड़ी, हिसार, भिवानी और जयपुर से रींगस की ओर संचालित होंगी।
रींगस रेलवे स्टेशन पर 60 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी के 150 जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा आठ अतिरिक्त टिकट बुकिंग काउंटर खोले जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए करीब 2 हजार लोगों की क्षमता वाला मेला शेल्टर बनाया गया है। स्टेशन पर एंबुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी।
तोरण द्वार सहित खुले स्थानों पर आतिशबाजी पर रोक
जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए इस बार तोरण द्वार सहित खुले स्थानों पर आतिशबाजी करने पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रशासन की ओर से एक निर्धारित स्थान पर आतिशबाजी की अनुमति देने पर विचार किया जा रहा है। प्रतिबंधित स्थानों पर आतिशबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
खाटू कस्बे में रहेगा नो व्हीकल जोन
20 नवंबर को खाटूश्यामजी कस्बे में नो व्हीकल जोन लागू रहेगा। वाहनों को केवल सांवलपुरा पार्किंग और 52 बीघा पार्किंग तक ही आने की अनुमति होगी। इसके आगे श्रद्धालुओं को पैदल मंदिर तक पहुंचना होगा। प्रशासन के अनुसार, यदि श्रद्धालुओं की संख्या 5 लाख से अधिक होती है तो भीड़ नियंत्रण के लिए चारण खेत, लखदातार ग्राउंड और 75 फीट ग्राउंड की ओर से 10 किलोमीटर से अधिक का पैदल मार्ग निर्धारित किया जा सकता है।
VIP दर्शन रहेंगे बंद, केवल प्रोटोकॉल दर्शन की अनुमति
मेले के दौरान मंदिर में VIP दर्शन पूरी तरह बंद रहेंगे। केवल निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ही दर्शन की अनुमति होगी। आम श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन करवाने और भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
बाबा श्याम के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर कमेटी और प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा, यातायात, रेलवे और दर्शन व्यवस्था के व्यापक इंतजामों के बीच इस बार खाटूधाम में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.