शुक्रवार को घोषित पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने जिले में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई। भाजपा के चार विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। वहीं, आरएलपी ने कई पंचायत समितियों में भाजपा के वोट बैंक में सेंधमारी कर चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया।
जोधपुर जिला परिषद के कुल 43 वार्डों में कांग्रेस ने 32 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा को 8 वार्डों में सफलता मिली, जबकि आरएलपी ने 3 सीटें अपने नाम कीं।
जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को भाजपा से 72,130 वोट ज्यादा मिले। इन नतीजों ने जिले की ग्रामीण राजनीति में कांग्रेस की मजबूत वापसी के संकेत दिए हैं।
जोधपुर जिले की पांच विधानसभा सीटों में से चार पर भाजपा के विधायक हैं। इनमें लूणी से कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, शेरगढ़ से बाबू सिंह राठौड़, बिलाड़ा से अर्जुनलाल गर्ग और ओसियां से भैराराम सियोल विधायक हैं। भोपालगढ़ से कांग्रेस की गीता बरवड़ विधायक हैं।
इन पांचों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को कांग्रेस के मुकाबले बढ़त नहीं मिली। शेरगढ़ में जिला परिषद के 9 वार्डों में भाजपा को केवल 2 सीटें मिलीं। बिलाड़ा के 7 वार्डों में भाजपा ने 2 सीटें जीतीं। लूणी के 10 वार्डों में पार्टी को 3 सीटें मिलीं, जबकि ओसियां के 8 वार्डों में भाजपा केवल एक सीट जीत पाई।
भोपालगढ़ में भाजपा अपना खाता भी नहीं खोल सकी। यहां कांग्रेस ने 6 और आरएलपी ने 3 वार्डों में जीत दर्ज की।
| विधानसभा क्षेत्र | कुल वार्ड | कांग्रेस | भाजपा | RLP |
|---|---|---|---|---|
| शेरगढ़ | 9 | 7 | 2 | 0 |
| बिलाड़ा | 7 | 5 | 2 | 0 |
| भोपालगढ़ | 9 | 6 | 0 | 3 |
| लूणी | 10 | 7 | 3 | 0 |
| ओसियां | 8 | 7 | 1 | 0 |
| कुल | 43 | 32 | 8 | 3 |
जोधपुर जिले की पंचायत समितियों के चुनाव में भी भाजपा को बड़ा झटका लगा है। जिले की 23 पंचायत समितियों में कांग्रेस को 14 में बहुमत मिला, जबकि आरएलपी ने 3 पंचायत समितियों में बहुमत हासिल किया। छह पंचायत समितियों में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला।
भाजपा तीन पंचायत समितियों—आसोप, बावड़ी और सालवा खुर्द—में एक भी वार्ड नहीं जीत पाई। इन नतीजों ने भाजपा की ग्रामीण क्षेत्रों में कमजोर होती स्थिति को उजागर किया है।
पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में आरएलपी तीसरी बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। कई पंचायत समितियों में आरएलपी को भाजपा से ज्यादा वार्डों में जीत मिली, जबकि कुछ जगह दोनों पार्टियां बराबरी पर रहीं।
आगोलाई में भाजपा को 3 और आरएलपी को 4 सीटें मिलीं। भोपालगढ़ में भाजपा और कांग्रेस को 5-5 सीटें मिलीं, जबकि आरएलपी ने 6 वार्डों में जीत हासिल की।
बिलाड़ा में भाजपा और आरएलपी दोनों को 4-4 वार्डों में जीत मिली। धवा और ओसियां में भाजपा तथा आरएलपी को एक-एक सीट मिली। पीपाड़ में आरएलपी ने 4 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को केवल 2 सीटें मिलीं।
जोधपुर जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने दो भाइयों को अलग-अलग वार्डों से टिकट दिया था। वार्ड नंबर 23 से डॉ. राजूराम चौधरी और वार्ड नंबर 9 से उनके छोटे भाई डॉ. राकेश कुमार चौधरी चुनाव मैदान में थे।
शुक्रवार को आए नतीजों में डॉ. राकेश कुमार चौधरी ने जीत हासिल की, जबकि उनके बड़े भाई डॉ. राजूराम चौधरी तीसरे नंबर पर रहे। इस तरह एक ही परिवार के दो उम्मीदवारों में एक को जीत मिली और दूसरे को हार का सामना करना पड़ा।
जोधपुर में पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के नतीजों ने कई बड़े राजनीतिक चेहरों को भी झटका दिया है। भाजपा के जोधपुर देहात जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह जिला परिषद के वार्ड नंबर 18 से चुनाव हार गए। उन्हें जिला प्रमुख के दावेदारों में माना जा रहा था।
वहीं, पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ के पोते और NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे दीपक जाखड़ भी पंचायत समिति भोपालगढ़ का चुनाव हार गए। वार्ड नंबर 5 से निर्दलीय शैतान सिंह ने 274 वोटों से जीत दर्ज की।
ओसियां विधायक भैराराम सियोल के बेटे आकाशदीप ने तिंवरी पंचायत समिति के वार्ड नंबर 12 से जीत हासिल की। दूसरी ओर, पूर्व कैबिनेट मंत्री शंभुसिंह खेतासर की पत्नी और निवर्तमान प्रधान बदन कंवर खेतासर ओसियां पंचायत समिति के वार्ड नंबर 6 से चुनाव हार गईं।
बदन कंवर खेतासर इससे पहले खेतासर से सरपंच का चुनाव भी हार चुकी हैं। इस तरह उन्हें लगातार दूसरे चुनाव में पराजय का सामना करना पड़ा। उनकी पुत्रवधू किरण कंवर को भी वार्ड नंबर 15 से हार मिली।
ओसियां के पूर्व उप प्रधान देवीलाल चौधरी के बेटे ताराचंद जाटीपूरा मुकाम सिमरथनगर से सरपंच का चुनाव हार गए। उनकी पुत्रवधू सुमन भी कांग्रेस की सरिता पत्नी प्रदीप कुमार से चुनाव हार गईं।
भाजपा नेता महेंद्रसिंह भाटी उम्मेदनगर की पत्नी प्रमोद कंवर उम्मेदनगर पंचायत समिति से सदस्य का चुनाव जीत गईं, लेकिन यहां भाजपा को बहुमत नहीं मिला। वहीं, उनके बेटे भरत कुमार सिंह जिला परिषद सदस्य का चुनाव हार गए।
जोधपुर जिले में कांग्रेस की बड़ी जीत के बाद अब जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव पर सबकी नजर है। जिला परिषद में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलने से पार्टी की स्थिति मजबूत हुई है। वहीं, पंचायत समितियों में आरएलपी के प्रदर्शन और छह समितियों में स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने से राजनीतिक जोड़तोड़ की संभावनाएं बनी हुई हैं।
इन नतीजों ने जोधपुर जिले की ग्रामीण राजनीति में कांग्रेस की मजबूत वापसी और भाजपा के सामने खड़ी चुनौती को साफ कर दिया है। अब आने वाले दिनों में जिला प्रमुख और प्रधानों के चयन से जिले की नई राजनीतिक तस्वीर सामने आएगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.