पुष्कर मेले में संत-महात्माओं ने किया शाही स्नान, शाम को होगी ब्रह्म सरोवर की महाआरती

पुष्कर। अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में सोमवार को धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। ब्रह्म चतुर्दशी के अवसर पर सप्तऋषि घाट पर संत-महात्माओं ने शाही स्नान किया। वहीं, शाम को जयपुर घाट पर सात मंचों से ब्रह्म सरोवर की महाआरती होगी। मेले के मैदान में देशी-विदेशी पर्यटकों के बीच ‘लगान’ फिल्म की तर्ज पर क्रिकेट मैच खेला जाएगा, जबकि शाम को राजस्थानी लोक गायक स्वरूप खान अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे।

मेले में महाराष्ट्र के ठाणे से आई महज दो फीट की भैंस ‘पिंकी’ भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। लोग उसकी अनोखी कद-काठी देखने और उसके साथ सेल्फी लेने के लिए पहुंच रहे हैं।

सप्तऋषि घाट पर संत-महात्माओं ने किया शाही स्नान

ब्रह्म चतुर्दशी के पावन अवसर पर सोमवार को पुष्कर सरोवर के सप्तऋषि घाट पर देशभर से आए साधु-संतों, महंतों और विभिन्न आश्रमों-मंदिरों के प्रमुखों ने शाही स्नान किया। इस दौरान हजारों संतों ने सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना कर देश-दुनिया में भाईचारे, शांति और खुशहाली की कामना की।

तीर्थ पुरोहित अरुण पाराशर ने बताया कि पुष्कर के पवित्र ब्रह्म सरोवर में हर साल कार्तिक एकादशी से पूर्णिमा तक पंचतीर्थ महास्नान का आयोजन होता है। इसमें देशभर से श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाते हैं।

उन्होंने बताया कि पुष्कर तीर्थ के जल को नारायण स्वरूप मानकर पूजा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास के इन पांच दिनों में सरोवर में स्नान करने से सात पीढ़ियों को मोक्ष की प्राप्ति होती है और पितरों को तृप्ति मिलती है।

शाही स्नान के दौरान संतों ने तीर्थ की मर्यादा बनाए रखने, सरोवर को स्वच्छ रखने और नशे व प्लास्टिक से मुक्त रखने का संदेश दिया। साथ ही माता-पिता और गोसेवा, नारी सम्मान तथा पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया।

शाम को सात मंचों से होगी ब्रह्म सरोवर की महाआरती

कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर सोमवार शाम जयपुर घाट पर दिव्य महाआरती का आयोजन होगा। सात मंचों से एक साथ होने वाली आरती से घाट का माहौल भक्तिमय होगा।

इससे पहले तीर्थ पुरोहितों की ओर से दुग्धाभिषेक और पूजन किया जाएगा। महाआरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के शामिल होने की उम्मीद है।

देशी-विदेशी पर्यटकों के बीच होगा ‘लगान’ स्टाइल क्रिकेट मैच

पुष्कर मेले के मैदान में सोमवार सुबह 11 बजे देशी-विदेशी पर्यटकों के बीच ‘लगान’ फिल्म की तर्ज पर क्रिकेट मैच खेला जाएगा। फिल्म की शैली में होने वाले इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मैच देखने को मिलेगा।

मेले में खेल और मनोरंजन के इस आयोजन को लेकर पर्यटकों में उत्साह है। इसके जरिए मेले में आए देशी-विदेशी मेहमानों को एक-दूसरे के साथ जुड़ने और भारतीय संस्कृति का अनुभव करने का अवसर मिलेगा।

स्वरूप खान की गायकी से सजेगी मेले की शाम

सोमवार शाम मेला मैदान के मंच पर राजस्थानी लोक गायक स्वरूप खान लोक कलाकारों के साथ प्रस्तुति देंगे। उनकी गायकी में मांगणियार संगीत परंपरा, राजस्थानी लोक संगीत, सूफियाना अंदाज और बॉलीवुड धुनों का संगम सुनने को मिलेगा।

इंडियन आइडल के पांचवें सीजन से देशभर में पहचान बनाने वाले स्वरूप खान की प्रस्तुति मेले की शाम का खास आकर्षण रहेगी।

दो फीट की भैंस ‘पिंकी’ बनी आकर्षण का केंद्र

पुष्कर पशु मेले में विशालकाय पशुओं के बीच महज दो फीट की भैंस ‘पिंकी’ पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। महाराष्ट्र के ठाणे से आई इस भैंस को देखने के लिए देशी-विदेशी पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। लोग उसके साथ सेल्फी लेने के लिए भी उत्साहित हैं।

पशुपालक के अनुसार पिंकी का छोटा कद जन्मजात है। उसकी मां भी महज तीन फीट ऊंची थी। मालिक का दावा है कि पिंकी दुनिया की सबसे छोटी भैंस है। वह पहले भी अपने अनोखे कद के चलते रिकॉर्ड और सुर्खियां बटोर चुकी है।

पशु मेले में अब तक 704 पशुओं की बिक्री

पुष्कर पशु मेले में रविवार तक कुल 10 हजार 88 पशुओं की आवक दर्ज की गई। इनमें से 704 पशुओं की बिक्री हो चुकी है। इनकी बिक्री से करीब 4 करोड़ 49 लाख 72 हजार 500 रुपए का कारोबार हुआ है।

रविवार को मेले में एक भी नया पशु नहीं पहुंचा, जबकि केवल छह पशुओं की बिक्री हुई। मेले में अब पशुओं की आवक और कारोबार की रफ्तार धीमी पड़ गई है।

कार्तिक पूर्णिमा पर होगा मेले का समापन

मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा पर पुष्कर सरोवर में पंचतीर्थ का अंतिम महास्नान होगा। इसके साथ ही पांच दिवसीय धार्मिक मेले का समापन हो जाएगा।

मेला स्टेडियम में समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें राजस्थानी लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। देशी-विदेशी मेहमानों के बीच रस्साकशी, मटका दौड़ सहित कई रोचक प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
कोटा में खड़े ट्रक से टकराई क्रूजर, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत; 8 घायल | उदयपुर में खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, तीन युवक घायल; कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त | सीकर में दुकान से सामान लेने गई 20 वर्षीय युवती लापता, पिता ने युवक पर भगाकर ले जाने का जताया शक | जोधपुर में कल से आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, अगले सप्ताह से बढ़ेगी सर्दी; तापमान में भी गिरावट | जयपुर में हॉर्न बजाने पर युवक से मारपीट, बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला; मुक्के मारकर तोड़ा दांत | उत्तर भारत में मौसम का बदला मिजाज: यूपी के 20 जिलों में कोहरा, दिल्ली में AQI 478; राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट | सीकर में सोशल मीडिया फ्रेंड पर 39 वर्षीय महिला से रेप का आरोप, नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़; घर से सामान चोरी करने का भी दावा | जोधपुर में नाबालिग भतीजियों से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, चाचा पर हमला; डंपर से कुचलने की कोशिश, हवाई फायरिंग से फैलाई दहशत | जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सवा मिनट में हत्या, कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार; 7 साल पुरानी रंजिश में मर्डर, सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने BSF की महिला जवानों संग मनाई भाई दूज, तनोट माता मंदिर में किए दर्शन |