बहन की विदाई तक भाई ने छिपाई पिता की मौत की खबर, ससुराल पहुंचने पर बताया- पापा नहीं रहे

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले के ऋषभदेव में एक बेटी की शादी खुशियों के बीच गहरे दुख में बदल गई। शादी समारोह में डांस करते समय पिता शंकरलाल मेघवाल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बेटी प्रियंका की शादी में कोई रुकावट न आए, इसलिए दोनों भाइयों ने पिता की मौत की खबर मां और बहन से छिपाए रखी। बहन की विदाई तक पिता की मौत का गम दिल में दबाए रखा। जब प्रियंका ससुराल पहुंची, तब उसे फोन कर बताया गया कि पापा अब इस दुनिया में नहीं रहे।

यह दर्दभरी कहानी प्रियंका के भाई दिलीप मेघवाल ने बताई। दिलीप के मुताबिक, 20 नवंबर को बहन की शादी के कार्यक्रम में पिता डांस कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में दर्द उठा और बेचैनी होने लगी। परिवार के लोगों ने एंबुलेंस बुलाने के लिए 104 और 108 नंबर पर करीब 32 बार फोन किया, लेकिन कॉल अटेंड नहीं हुआ।

एंबुलेंस नहीं मिली तो निजी कार से अस्पताल ले गए

दिलीप ने बताया कि पिता की हालत बिगड़ने पर उन्हें ऋषभदेव हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया।

इसके बाद परिवार के लोग पिता को निजी कार से उदयपुर के निजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पिता का शव हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखा गया। दिलीप ने बताया कि इसके बाद वह घर लौट आया और मां व बहन से कहा कि पिताजी ICU में भर्ती हैं। उनका अगले दिन ऑपरेशन होगा, इसलिए शादी की रस्में जल्दी पूरी करनी होंगी।

विदाई के समय फूट पड़ी भाई की रुलाई

दिलीप ने बताया कि बहन की विदाई के समय उनकी रुलाई फूट पड़ी, लेकिन उन्होंने खुद को संभाल लिया। शादी के दौरान पिता की मौत का गम दिल में दबाए रखा, ताकि बहन की शादी में कोई रुकावट न आए।

दिलीप ने कहा कि बहन जब ससुराल पहुंच गई, तब उसे फोन कर बताया कि पापा नहीं रहे। पिता की मौत की खबर सुनकर प्रियंका को गहरा सदमा लगा।

बहन बोली- एक बार बता देते, अंतिम समय में पापा से मिल लेती

छोटे भाई उमेश मेघवाल ने बताया कि जब बहन को ससुराल पहुंचने पर बताया गया कि पिता का निधन शादी से एक दिन पहले ही हो गया था, तो वह दोनों भाइयों से नाराज हो गई।

प्रियंका ने भाइयों से कहा कि एक बार उसे बता देते, तो वह अंतिम समय में पिता से मिल लेती।

पिता के जाने के सदमे में मां की तबीयत बिगड़ी

उमेश ने बताया कि पिता के निधन के बाद मां गीतादेवी को भी गहरा सदमा लगा है। वह बार-बार पिता की बातें और उनके साथ बिताए पलों को याद कर रही हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

शादी की खुशियों के बीच पिता को खोने वाले परिवार के लिए यह घटना गहरा दुख लेकर आई। बेटी की विदाई तक पिता की मौत की खबर छिपाए रखने वाले भाइयों ने शादी की रस्में पूरी कराईं, लेकिन पिता के जाने का दुख पूरे परिवार पर भारी पड़ गया।

 

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
कोटा में खड़े ट्रक से टकराई क्रूजर, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत; 8 घायल | उदयपुर में खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, तीन युवक घायल; कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त | सीकर में दुकान से सामान लेने गई 20 वर्षीय युवती लापता, पिता ने युवक पर भगाकर ले जाने का जताया शक | जोधपुर में कल से आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, अगले सप्ताह से बढ़ेगी सर्दी; तापमान में भी गिरावट | जयपुर में हॉर्न बजाने पर युवक से मारपीट, बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला; मुक्के मारकर तोड़ा दांत | उत्तर भारत में मौसम का बदला मिजाज: यूपी के 20 जिलों में कोहरा, दिल्ली में AQI 478; राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट | सीकर में सोशल मीडिया फ्रेंड पर 39 वर्षीय महिला से रेप का आरोप, नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़; घर से सामान चोरी करने का भी दावा | जोधपुर में नाबालिग भतीजियों से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, चाचा पर हमला; डंपर से कुचलने की कोशिश, हवाई फायरिंग से फैलाई दहशत | जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सवा मिनट में हत्या, कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार; 7 साल पुरानी रंजिश में मर्डर, सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने BSF की महिला जवानों संग मनाई भाई दूज, तनोट माता मंदिर में किए दर्शन |