जोधपुर सोलर प्लांट लूटकांड: मुख्य आरोपी ने लालच देकर करवाई थी रेकी, 7 आरोपी गिरफ्तार

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर जिले के खारी खुर्द स्थित सोलर प्लांट में सुरक्षा गार्डों से मारपीट कर सामान लूटने के मामले में करवड़ थाना पुलिस की जांच जारी है। पुलिस अब तक इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें से तीन आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं, जबकि अन्य आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, वारदात का मुख्य आरोपी राजूसिंह है। उसने अन्य आरोपियों को लालच देकर अपने साथ लूट की वारदात में शामिल किया था। मामले में जयसिंह और जितेंद्र सिंह ने सोलर प्लांट की रेकी की थी। पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार किया है।

मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

करवड़ थाना अधिकारी परमेश्वरी ने बताया कि पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी राजूसिंह शातिर है और उसका पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी और लूट के बाद सामान को अलग-अलग जगहों पर कबाड़ी को बेच देते थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

सात आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में सबसे पहले महावीर सिंह उर्फ MD (21) पुत्र स्वर्गीय देरावर सिंह निवासी भुरजगढ़, फलसूंड, जिला जैसलमेर को गिरफ्तार किया था।

इसके बाद 21 नवंबर को राजूसिंह (29) पुत्र गोपाल सिंह निवासी बख्तावरसिंह की ढाणी, कुई इंदा, बालेसर; विक्रम सिंह (20) पुत्र हरिसिंह निवासी राजपूतों का बास, सेतरावा, शेरगढ़; और रावल सिंह उर्फ राहुल (21) पुत्र जगदीश निवासी भार्गव कॉलोनी, तिंवरी, थाना मथानिया को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, 23 नवंबर को जयसिंह (20) पुत्र धुलसिंह निवासी भवाद, थाना करवड़; जितेंद्र सिंह (30) पुत्र उम्मेद सिंह निवासी भवाद; और राधेश्याम (22) पुत्र द्वारकादास वैष्णव निवासी तिबानिया, थाना मंडली, जिला बालोतरा को गिरफ्तार किया गया।

दो पिकअप में आए थे 10 से 12 बदमाश

पुलिस के अनुसार, वारदात 13 और 14 जून 2026 की दरमियानी रात करीब 3 बजे खारी गांव की देवतों की ढाणी स्थित जैक्सन ग्रीन सोलर प्लांट में हुई थी।

उस समय मुख्य गेट पर सुरक्षा गार्ड अचलाराम निवासी उम्मेद नगर, मथानिया ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की दो सफेद महिंद्रा पिकअप गाड़ियों में करीब 10 से 12 लोग पहुंचे। सभी ने कपड़ों से अपने चेहरे ढक रखे थे।

आरोपियों ने पिकअप से मुख्य गेट में टक्कर मारी और अंदर घुस गए। इसके बाद केबिन में बैठे सुरक्षा गार्ड अचलाराम का मोबाइल फोन फेंक दिया और सरियों व लाठियों से मारपीट की।

गार्डों को बंधक बनाकर की मारपीट

आरोपियों ने अचलाराम को घसीटकर पिकअप में डाल लिया और उनसे तांबे के बारे में पूछताछ की। इसके बाद बदमाश उन्हें स्टोर की तरफ ले गए, जहां तैनात दूसरे सुरक्षा गार्ड बाबूसिंह निवासी भवाद के साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।

बदमाशों ने दोनों गार्डों को धमकी दी कि यदि किसी को फोन किया तो जान से मार देंगे। इसके बाद स्टोर से सामान पिकअप में लादकर फरार हो गए।

सोलर प्लांट से यह सामान ले गए थे बदमाश

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने सोलर प्लांट से 10 SCB बॉक्स, 70 नग यानी 940 मीटर कॉन्सर्टिना कॉइल, 525 मीटर केबल (4 C 16 SQ MM), हार्डवेयर के 10 बैग, 3 रोबोट बॉक्स, 20 बैटरी और 15 चार्जिंग मॉड्यूल सहित अन्य सामान लूट लिया था।

वारदात के बाद सुपरवाइजर प्रेमाराम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद परिवादी अचलाराम की लिखित रिपोर्ट पर 14 जून 2026 को करवड़ थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान लूटे गए सामान की बरामदगी और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
कोटा में खड़े ट्रक से टकराई क्रूजर, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत; 8 घायल | उदयपुर में खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, तीन युवक घायल; कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त | सीकर में दुकान से सामान लेने गई 20 वर्षीय युवती लापता, पिता ने युवक पर भगाकर ले जाने का जताया शक | जोधपुर में कल से आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, अगले सप्ताह से बढ़ेगी सर्दी; तापमान में भी गिरावट | जयपुर में हॉर्न बजाने पर युवक से मारपीट, बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला; मुक्के मारकर तोड़ा दांत | उत्तर भारत में मौसम का बदला मिजाज: यूपी के 20 जिलों में कोहरा, दिल्ली में AQI 478; राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट | सीकर में सोशल मीडिया फ्रेंड पर 39 वर्षीय महिला से रेप का आरोप, नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़; घर से सामान चोरी करने का भी दावा | जोधपुर में नाबालिग भतीजियों से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, चाचा पर हमला; डंपर से कुचलने की कोशिश, हवाई फायरिंग से फैलाई दहशत | जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सवा मिनट में हत्या, कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार; 7 साल पुरानी रंजिश में मर्डर, सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने BSF की महिला जवानों संग मनाई भाई दूज, तनोट माता मंदिर में किए दर्शन |