सीकर निवासी 61 वर्षीय नारुराम ने साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को उनके बैंक खाते से 2.50 लाख रुपए निकल गए।
बुजुर्ग के अनुसार, उनके पास न तो कोई OTP आया और न ही किसी तरह का कॉल आया। बैंक खाते से रुपए निकलने का मैसेज आने पर उन्हें ठगी का पता चला।
शिकायत के मुताबिक, खाते से निकली रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर हुई है। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
साइबर ठगी का दूसरा मामला 36 वर्षीय इंद्रकुमार के साथ हुआ। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 नवंबर को उनके बैंक खाते से एक लाख रुपए निकल गए।
इंद्रकुमार को भी बैंक खाते से रुपए निकलने की जानकारी मैसेज आने के बाद मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर मामले की जांच करने की मांग की।
दोनों मामलों में पुलिस उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें पीड़ितों के खाते से रकम ट्रांसफर हुई है। पुलिस के अनुसार, संबंधित बैंक खातों के होल्डर से पूछताछ की जाएगी।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही साइबर ठगी के तरीके और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी सामने आ सकेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.