जयपुर। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण राजस्थान में ठंड का असर बढ़ने लगा है। गुरुवार को सीकर, अजमेर, टोंक, बूंदी और कोटा सहित आसपास के इलाकों में सुबह-शाम शीतलहर चली। इन क्षेत्रों में रात का तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कई इलाकों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। 27 नवंबर को पांच जिलों में शीतलहर की चेतावनी है।
गुरुवार को सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। सीकर में पारा 5 डिग्री, नागौर में 6.1, चूरू में 7.6, भीलवाड़ा में 7.4, टोंक में 7.8, पिलानी में 8.5, अलवर में 8.4, उदयपुर में 8.7 और करौली में 8.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहा और धूप निकली। अलवर, भरतपुर, सीकर और झुंझुनूं के कुछ इलाकों में सुबह हल्की धुंध रही। शीतलहर के असर से कई शहरों में दिन के तापमान में भी करीब एक डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहने की संभावना है। कुछ शहरों में न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है, जिससे रात की सर्दी बढ़ेगी। दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलने का अनुमान है।
जयपुर: अधिकतम तापमान 27.6 और न्यूनतम 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सुबह-शाम शीतलहर का असर रहा। मौसम विभाग के अनुसार शहर में तीन दिन तक ठंडी हवाएं चल सकती हैं।
उदयपुर: अधिकतम तापमान 28.6 और न्यूनतम 8.7 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में धूप से राहत मिली, लेकिन सर्दी का असर बना हुआ है।
कोटा: न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री रहा। सुबह हल्की धुंध छाई और ठंड बढ़ी।
अजमेर: अधिकतम तापमान 28.8 और न्यूनतम 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह-शाम ठंड का असर रहा।
अलवर: अधिकतम तापमान करीब 26 और न्यूनतम 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह ठंडी हवा चलने से सर्दी बढ़ी।
जोधपुर: न्यूनतम तापमान 12.8 और अधिकतम 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार 1 दिसंबर के बाद ठंड बढ़ सकती है।
सीकर: न्यूनतम तापमान 3.5 और अधिकतम 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। रात में कड़ाके की सर्दी जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.