हैकाथॉन का उद्घाटन 28 नवंबर को सुबह 10 बजे महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत करेंगे। वहीं, 29 नवंबर को शाम 4 बजे समापन समारोह आयोजित होगा, जिसमें मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास विजेता टीमों को पुरस्कृत करेंगे।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) वी.के. सिंह ने बताया कि हैकाथॉन का उद्देश्य पुलिसिंग में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देना और साइबर अपराधों के विरुद्ध त्वरित एवं आधुनिक तंत्र विकसित करना है। आयोजन में स्टार्टअप और तकनीकी संस्थानों को भी अपने साइबर सुरक्षा उत्पाद और समाधान प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
इस पहल से विद्यार्थियों, तकनीकी विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों के बीच सहयोग बढ़ेगा। साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम और अनुसंधान के लिए नए तकनीकी विकल्प विकसित करने में मदद मिलेगी।
हैकाथॉन में साइबर अपराधों से जुड़ी पुलिस की वास्तविक समस्याओं के समाधान तलाशे जाएंगे। इसमें 1930 साइबर हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों और साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई, ठगी की रकम की रिकवरी तथा शिकायत निवारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके अलावा महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध ऑनलाइन अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधों से जुड़े कार्यों के ऑटोमेशन, अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई और साइबर हॉटस्पॉट की पहचान कर प्रभावी प्रवर्तन के लिए तकनीकी उपाय विकसित किए जाएंगे।
दो दिवसीय आयोजन के पहले दिन पांच विशेषज्ञ सत्र आयोजित होंगे। इनमें 1930 साइबर हेल्पलाइन और त्वरित कार्रवाई, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध ऑनलाइन अपराध, साइबर ठगी की राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया, शिकायत निवारण मॉड्यूल और साइबर अपराधों से जुड़ी प्रक्रियाओं के ऑटोमेशन पर चर्चा होगी।
इसके साथ ही साइबर अपराध हॉटस्पॉट की पहचान और वहां प्रभावी कार्रवाई के लिए तकनीकी उपायों पर भी मंथन किया जाएगा।
प्रतियोगिता में चयनित टीमें पांच प्रमुख तकनीकी चुनौतियों पर काम करेंगी। इनमें फर्जी वेबसाइट, फिशिंग लिंक और संदिग्ध ऐप के जरिए होने वाली ठगी की पहचान करना शामिल है।
इसके अलावा टेलीग्राम और सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों की निगरानी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित जांच सहायक और सीडीआर एवं आईपीडीआर विश्लेषण टूल विकसित करने पर काम होगा।
एटीएम और कार्ड धोखाधड़ी की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध व्यक्तियों के चेहरे की स्पष्ट तस्वीर निकालने की तकनीक भी विकसित की जाएगी। वहीं, वित्तीय अपराधों से जुड़े डिजिटल नेटवर्क और धन के लेन-देन की कड़ियों यानी मनी ट्रेल का विश्लेषण करने वाला सिस्टम तैयार करने की चुनौती भी शामिल है।
हैकाथॉन के दौरान एक एग्जीबिशन भी आयोजित की जाएगी। इसमें आईटी कंपनियां और राजस्थान पुलिस सहित अन्य संस्थान अपने साइबर सुरक्षा से जुड़े कार्यों और तकनीकी समाधानों का प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शनी में एआई आधारित साइबर समाधान, ओपन सोर्स इंटेलिजेंस, फॉरेंसिक साइंस और डेटा एनालिसिस से जुड़े टूल्स देखने को मिलेंगे। साथ ही आर4सी के विकास के लिए राजस्थान पुलिस की ओर से अब तक किए गए प्रयासों की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी। इस दौरान कैप्चर द फ्लैग प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा।
हैकाथॉन में देशभर से चयनित 37 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें जयपुर, सूरतगढ़, पुणे, पंजाब, झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली, पटना और तमिलनाडु सहित विभिन्न क्षेत्रों की टीमें शामिल हैं। आईआईटी मद्रास, नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी और राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी जैसे संस्थानों की टीमें भी प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
प्रत्येक टीम में अधिकतम चार सदस्य हो सकते हैं। टीमों को पांच में से किसी एक समस्या का चयन कर उसका तकनीकी समाधान विकसित करना होगा।
प्रत्येक श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 35 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इस तरह पांच श्रेणियों में कुल 15 पुरस्कारों के लिए पांच लाख रुपये की राशि रखी गई है।
हैकाथॉन के लिए 1 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण किया गया। इसमें देशभर से 342 टीमों के 938 प्रतिभागियों ने आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया के बाद 37 टीमों का चयन किया गया है, जिनके 109 विद्यार्थियों को फाइनल के लिए आमंत्रित किया गया है।
इसके अलावा प्रत्येक साइबर क्राइम पुलिस थाने से दो पुलिसकर्मी और प्रोबेशनर्स भी इसमें हिस्सा लेंगे। जयपुर के 14 इंजीनियरिंग कॉलेजों से 70 साइबर जिज्ञासु छात्र भी आयोजन में शामिल होंगे।
राजस्थान पुलिस की इस पहल से साइबर अपराधों की रोकथाम, ठगी की रकम वापस दिलाने और पुलिस जांच को आधुनिक तकनीक से मजबूत बनाने के लिए नए समाधान विकसित होने की उम्मीद है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.