शाहपुरा और आंधी में कांग्रेस के प्रधान निर्विरोध चुने गए। वहीं सांगानेर पंचायत समिति में आरएलपी की सीमा चौधरी ने जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि जिन पंचायत समितियों में किसी भी पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत नहीं था, वहां भी राजनीतिक समीकरणों के चलते कांग्रेस और बीजेपी ने अपने प्रधान बनाने में सफलता हासिल की।
जयपुर जिले की शाहपुरा और आंधी पंचायत समिति में कांग्रेस के उम्मीदवार निर्विरोध प्रधान चुने गए। शाहपुरा से संतरा गुर्जर और आंधी से माया देवी वर्मा ने प्रधान पद पर निर्विरोध जीत दर्ज की।
दोनों पंचायत समितियों में कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों को प्रधान पद के लिए मैदान में उतारा था। नामांकन प्रक्रिया के बाद दोनों ही उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए।
सांगानेर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में आरएलपी की सीमा चौधरी ने जीत दर्ज की। यहां बीजेपी और कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था। सीमा चौधरी का मुकाबला निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार चौधरी से था।
सीमा चौधरी को 11 वोट मिले, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार चौधरी को 4 वोट मिले। जीत के बाद आरएलपी समर्थक पंचायत समिति के बाहर एकत्रित हुए और खुशी जाहिर की।
सीमा चौधरी ने जीत के बाद क्षेत्र में बिजली, पानी और सड़क से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करवाने की बात कही।
जयपुर जिले की अमरसर, जालसू, मौजमाबाद, रामपुरा डाबड़ी और दूदू पंचायत समितियों में किसी भी पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत नहीं था। इसके बावजूद इन पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव में अलग-अलग राजनीतिक समीकरण देखने को मिले।
अमरसर और रामपुरा डाबड़ी में कांग्रेस ने प्रधान बनाए, जबकि जालसू और मौजमाबाद में बीजेपी को सफलता मिली। दूदू पंचायत समिति में आरएलपी की अयोध्या देवी प्रधान चुनी गईं।
अमरसर पंचायत समिति में कांग्रेस की समोती देवी मीणा प्रधान बनीं। खास बात यह रही कि समोती देवी मीणा पंचायत समिति सदस्य का चुनाव बीजेपी से जीती थीं, लेकिन प्रधान पद के लिए कांग्रेस ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया था।
जयपुर जिले की फागी, शाहपुरा, आंधी, रामपुरा डाबड़ी, तूंगा, जमवारामगढ़, बस्सी, चाकसू, झोटवाड़ा, कोटखावदा, आमेर, गोविंदगढ़, अमरसर, किशनगढ़ रेनवाल, माधोराजपुरा और जोबनेर पंचायत समितियों में कांग्रेस के उम्मीदवार प्रधान चुने गए।
वहीं बीजेपी ने जालसू, मौजमाबाद, सांभरलेक और चौमूं पंचायत समितियों में प्रधान बनाए। आरएलपी को सांगानेर और दूदू पंचायत समितियों में सफलता मिली।
जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में कुल 386 वार्ड हैं। पंचायत समिति प्रधान चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने 16 सीटों पर जीत हासिल कर जिले में अपना राजनीतिक दबदबा कायम किया है।
पंचायत समिति चुनाव के नतीजों के बाद अब जिले में स्थानीय निकायों की राजनीति में कांग्रेस की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। वहीं बीजेपी और आरएलपी ने भी कुछ पंचायत समितियों में जीत दर्ज कर अपनी मौजूदगी कायम रखी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.